Shamli: घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या, चारपाई पर रस्सी से बंधा मिला शव
शामली के बाबरी थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। महिला का शव घर में चारपाई पर मिला, पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
विस्तार
शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र के गांव रायपुर में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला का शव उसके घर में चारपाई पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
चारपाई पर बंधा मिला शव
मृतका की पहचान 85 वर्षीय रामप्यारी के रूप में हुई है, जो घर में अकेली रहती थी। सोमवार सुबह पड़ोसियों ने अपनी छत से देखा कि महिला बरामदे में चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर महिला का एक हाथ चारपाई से बंधा हुआ था और मुंह पर कपड़ा बंधा मिला, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
यह भी पढ़ें: India-Russia Trade: भारत-रूस व्यापार पर मेरठ में आज द्विपक्षीय वार्ता, रूसी प्रतिनिधिमंडल करेगा दौरा
गला दबाकर हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि महिला पिछले करीब एक साल से गांव में अकेली रह रही थी, जबकि उसके तीनों पुत्र पानीपत में रहकर फैक्टरी में काम करते हैं।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को भी सूचना दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।