UP: मकान-प्लॉट-कार पर आमने-सामने पत्नियां, संपत्ति के लिए छिड़ी जंग, इस जिले में दो माह में सामने आए 12 विवाद
शामली में दो शादियों से जुड़े संपत्ति विवाद बढ़ रहे हैं। पिछले दो माह में पहली और दूसरी पत्नी के बीच मकान, प्लॉट और वाहनों में हिस्सेदारी को लेकर 12 मामले वन स्टॉप सेंटर और एआरटीओ कार्यालय पहुंचे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एक से अधिक शादी करने का असर अब परिवारों में संपत्ति विवाद के रूप में सामने आने लगा है। मकान, प्लॉट और चार पहिया वाहनों में हिस्सेदारी को लेकर पहली और दूसरी पत्नी आमने-सामने हैं। दोनों पक्ष अपने अधिकार का दावा करते हुए वन स्टॉप सेंटर, परिवहन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के पास पहुंच रहे हैं। पिछले दो माह में ऐसे 12 मामले वन स्टॉप सेंटर और एआरटीओ कार्यालय पहुंचे हैं, जिनमें अधिकांश विवाद संपत्ति के बंटवारे और स्वामित्व को लेकर हैं।
वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों का कहना है कि पहले ऐसे मामले इक्का-दुक्का ही सामने आते थे, लेकिन अब इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। अधिकांश मामलों में पति द्वारा दूसरी शादी के बाद मकान, प्लॉट या वाहन दूसरी पत्नी के नाम करने पर पहली पत्नी आपत्ति जता रही है। वहीं कुछ मामलों में दूसरी पत्नी भी अपने अधिकार की मांग को लेकर शिकायत दर्ज करा रही है।
केस-1 : अपने पैसों से खरीदी कार, पहली पत्नी के नाम कर दी
शहर के बुढ़ाना रोड निवासी महिला ने 20 जुलाई को एआरटीओ कार्यालय में शिकायत दी। महिला का आरोप है कि उसके पति ने पहली पत्नी से यह बात छिपाकर उससे शादी की थी। उसने अपने पैसों से दो कार खरीदी थीं। पति ने दोनों वाहन उसके नाम करने का वादा किया था, लेकिन बाद में दोनों कार पहली पत्नी के नाम करा दीं। महिला ने वाहन अपने नाम कराने की मांग की है।
केस-2 : दूसरी शादी का पता चला, मकान और प्लॉट पर विवाद
कांधला के मोहल्ला रायजादगान निवासी महिला ने 10 जुलाई को वन स्टॉप सेंटर में शिकायत दी। महिला ने बताया कि छह माह पहले उसे पति की दूसरी शादी की जानकारी मिली। आरोप है कि पति ने मकान और तीन प्लॉट दूसरी पत्नी के नाम कर दिए हैं। उसने संपत्ति में अपना अधिकार दिलाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: Shamli: युवती की मौत, अंतिम संस्कार से पहले पहुंची पुलिस, गले पर निशान देख शव पोस्टमार्टम को भेजा
केस-3 : तीन बेटों की मां ने मांगा मकान और वाहनों में हिस्सा
बाबरी क्षेत्र की महिला ने 22 जुलाई को वन स्टॉप सेंटर में शिकायत दर्ज कराई। उसका आरोप है कि पति ने दूसरी शादी कर ली और मकान व वाहन दूसरी पत्नी के नाम कर दिए। महिला ने बताया कि उसके तीन बेटे हैं और उसने संपत्ति में अपना अधिकार दिलाने की मांग की है।
वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों अनुसार ये केवल तीन उदाहरण हैं। पिछले दो माह में इस तरह के 12 मामले सामने आए हैं। इनमें तीन मामलों में दूसरी पत्नी ने पहली पत्नी के नाम की गई संपत्ति पर अपना दावा जताया है। 12 मामलों में छह वन स्टॉप सेंटर जबकि छह एआरटीओ कार्यालय पहुंचे हैं।
वाहन नामांतरण में विभाग नहीं कर सकता हस्तक्षेप
एआरटीओ प्रवेश कुमार ने बताया कि वाहन नामांतरण को लेकर महिलाएं शिकायत लेकर पहुंच रही हैं, लेकिन विभाग ऐसे पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप नहीं कर सकता। वाहन का नामांतरण नियमानुसार और संबंधित पक्षों की सहमति के आधार पर होता है। ऐसे मामलों के समाधान के लिए दोनों पक्षों को आपसी सहमति या न्यायालय का सहारा लेना पड़ता है।
जिले में दो-दो शादियों से जुड़े मामलों के साथ संपत्ति विवाद भी बढ़ रहे हैं। पहली और दूसरी पत्नी दोनों अपने अधिकार का दावा कर रही हैं। ऐसे मामलों में पहले आपसी समझौते का प्रयास किया जाता है, इसके बाद कानूनी विकल्प बताए जाते हैं। - गजाला त्यागी, प्रभारी, वन स्टॉप सेंटर, शामली