UP: आंध्र प्रदेश में युवक की हत्या, जिला अस्पताल के सामने लाश रख परिजनों का हंगामा; बोले- पोस्टमार्टम करो
आंध्र प्रदेश में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद सीतापुर में परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने पिटाई से हत्या का आरोप लगाया और पोस्टमार्टम की मांग की। पुलिस के समझाने पर शव जांच के लिए भेजा गया। मामले में वीडियो साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
विस्तार
आंध्र प्रदेश में सीतापुर के युवक की मौत के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम की मांग को लेकर मंगलवार को जिला अस्पताल परिसर में शव रखकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों की पिटाई से युवक की मौत हुई है।
इसी वजह से शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है। सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने परिजनों को काफी देर समझाया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली देहात के गंगापुर कालिकाबख्श निवासी राम राजपाल (30) आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के पेनूकोंडा स्थित एक कंपनी में चालक के पद पर कार्यरत थे। वह कंटेनर व अन्य भारी वाहन चलाते थे। मृतक के भाई पंकज के अनुसार चार अप्रैल को वह कंटेनर वाहन से माल पहुंचाने जहांगीराबाद से तमिलनाडु जा रहे थे।
चालकों से खाना खाने को लेकर हुआ था विवाद
रास्ते में मध्य प्रदेश के ट्रक चालकों से खाना खाने को लेकर उनका विवाद हो गया। आरोप है उन चालकों ने रामराज को बुरी तरह से पीट दिया था। राम राजपाल ने पिटाई की जानकारी देने के साथ ही कुछ वीडियो बनाकर पंकज को भेजे थे।
पंकज ने बताया कि पिटाई के बाद ही राम राजपाल की मौत हो गई। मगर मालिकों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही राम राजपाल का शव फ्लाइट से लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे पर भेज दिया। परिजन कोतवाली देहात पहुंचे तो कोई सुनवाई नहीं हुई। इसलिए उन्होंने शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने परिजनों को समझाया।
पिटाई के बाद किया था फोन, भेजे थे वीडियो
मृतक के भाई वीरू ने बताया कि पिटाई के बाद राम राज पाल ने उन्हें फोन किया था। उस समय वह कुछ बोल नहीं पा रहे थे। उन्हें काफी दर्द हो रहा था। इसके बाद उन्होंने कई वीडियो उन्हें भेजे। वीडियो में चेहरे पर काफी चोट नजर आ रही है। वीरू ने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।