दुद्धी। विकास खंड सभागार में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृति पत्र एवं आवास की चाबी वितरित की गई। कार्यक्रम में 26 लाभार्थियों को आवास की चाबी और 52 को स्वीकृति पत्र दिए गए। मुख्य अतिथि अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए लगातार प्रयासरत है और गांवों में विकास कार्यों को गति मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रत्येक गरीब परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है, जिसे योजनाओं के माध्यम से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने उज्ज्वला योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी जितेंद्र नाथ दुबे ने की।
विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, जिला मंत्री मनोज सिंह बबलू और मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने सरकार की विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, आवास, शौचालय, पेयजल, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही हैं। इस अवसर पर एडीओ पंचायत आशुतोष श्रीवास्तव, सचिव सुरेंद्र कुमार, अरुण वर्मा आदि मौजूद रहे। संचालन वीओ पीआरडी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने किया।