सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज श्रीराणी सती दादी मंदिर में वार्षिक सावन सिंधारा झूला उत्सव बुधवार को सुनीता झुनझुनवाला के आयोजन में हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन-कीर्तन से मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय बना रहा। उत्सव के लिए दादीजी के दरबार और झूले को रंग-बिरंगे ताजे फूलों, गुब्बारों और आकर्षक लताओं से सजाया गया था। महिलाओं ने लाल और हरी साड़ियां पहनकर, हाथों में मेहंदी रचाकर और सोलह शृंगार कर उत्सव की शोभा बढ़ाई। श्रद्धालु महिलाओं ने बारी-बारी से दादीजी को श्रद्धापूर्वक झूला झुलाया और सुख-समृद्धि की कामना की। उत्सव के दौरान महिलाओं ने आपस में बांटने के लिए सोलह शृंगार की सामग्री, विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, टॉफियां, चॉकलेट और फल भी लाए। इन सामग्रियों को प्रसाद और उपहार के रूप में एक-दूसरे को वितरित किया गया। इससे आयोजन में आपसी प्रेम और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में 13 सतियां झूल रहीं, आई सावणिये री तीज, म्हारा मन में बजी है प्रीत, आयो तीजां रो त्योहार और झूला-धमाल जैसे लोकप्रिय भजन और गीत प्रस्तुत किए गए। भजनों पर महिलाएं उत्साह से झूमती नजर आईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में श्री राणी सती दादी भक्त महिला मंडल की अध्यक्ष अधिवक्ता अनीता थरड, कोषाध्यक्ष मीरा जालान और सचिव पूनम खेतान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में रितु जालान, पूजा झुनझुनवाला, सुनीता सांवरिया, सुचिता खेतान, अनिता कनोडिया, उषा जालान, चांदनी अग्रवाल, वीना झुनझुनवाला, सुनीता सराफ, अनिता गोयल और सुलोचना सांवरिया सहित महिलाएं उपस्थित रहीं।