सोनभद्र। बिजली कर्मचारी संघ के बैनर तले संविदा कर्मियों का आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अपनी विभिन्न मांगों के लिए कर्मियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर मंडल सचिव नितेश मौर्या की अध्यक्षता में क्रमिक अनशन किया। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो 9 अप्रैल 2026 से सभी निकाले गए कर्मचारी भूख हड़ताल शुरू करने को बाध्य होंगे।
अनशन पर बैठे कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से वे अपनी समस्याओं को लेकर विभागीय अधिकारियों के समक्ष आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। ऐसे में उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर उनका विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।
कर्मचारियों ने यह भी बताया कि क्रमिक अनशन बुधवार तक जारी रहेगा। इसके बाद भी यदि विभाग की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की जाती है, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूख हड़ताल अंतिम विकल्प होगा। धरना-प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष ज्योति कुमार, जिला सचिव अभय पांडेय, हेमंत त्रिपाठी, राजनारायण, ज्ञानप्रकाश, महेन्द्र विश्वकर्मा, मोहन, तसउवर, गिरेन्द्र, उत्तम, जितेंद्र समेत अन्य संविदा कर्मी मौजूद रहे।