सोनभद्र। कलेक्ट्रेट में सोमवार को उत्तर प्रदेश ड्राइवर महासंगठन ने विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित सूत्री ज्ञापन सौंपा। ड्राइवरों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक संरक्षण सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं व अन्य घटनाओं के दौरान ड्राइवरों के साथ मारपीट, उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे उनमें असुरक्षा का माहौल है।
ज्ञापन में सड़क दुर्घटनाओं के समय ड्राइवरों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाने, राजमार्गों पर सुरक्षित पार्किंग, विश्राम गृह व शौचालय की व्यवस्था, 55 वर्ष की आयु के बाद पेंशन, दुर्घटना में मृत्यु पर 20 लाख रुपये व स्थायी दिव्यांगता पर आर्थिक सहायता, आवास योजना का लाभ, बच्चों की निशुल्क उच्च शिक्षा, भारी वाहन लाइसेंस शुल्क में कमी, 1 सितंबर को ड्राइवर दिवस, घोषित करने और उत्तर प्रदेश से बाहर कार्यरत ड्राइवरों की सुरक्षा, न्यूनतम वेतन की मांग की गई। संगठन ने यह भी मांग की कि सभी वाहन मालिकों के लिए ड्राइवरों को अधिकृत अथॉरिटी लेटर देना अनिवार्य किया जाए। महासंगठन ने सरकार से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर ड्राइवर परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने की अपील की। इस मौके पर मुल्तान शाह, सुरेश पटेल, गौरी शंकर, संदीप कुमार, लवकुश, देवानंद मौर्य, रविंद्र, कमलेश पटेल, संजय कुमार, अजीत कुमार, अरविंद आदि शामिल रहे।