सोनभद्र। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चार सूत्री मांगपत्र सौंपा। संगठन ने सिंचाई, बिजली, उर्वरक उपलब्धता और एक्सप्रेसवे से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह ने कहा कि जिले में पर्याप्त वर्षा न होने से किसान गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। सिंचाई के साधनों के अभाव में कई किसान अब तक धान की रोपाई भी पूरी नहीं कर सके हैं। उन्होंने कहा कि सोन लिफ्ट पूरी क्षमता से संचालित किया जाए। वर्तमान में चौथे स्टेज पर केवल दो पंप चल रहे हैं, जबकि तीसरा पंप भी कभी-कभार ही संचालित हो पाता है। पर्याप्त पानी न मिलने से नहरों का संचालन प्रभावित है और किसानों की फसलें सूखने की कगार पर हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती और कम विद्युत आपूर्ति से खेती-किसानी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। शासन के निर्देशानुसार किसानों को प्रतिदिन 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। संघ ने साधन सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने की भी मांग की। संगठन ने एक्सप्रेसवे निर्माण से प्रभावित किसानों को बाजार मूल्य के अनुसार मुआवजा देने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि वर्तमान निर्धारित दरें काफी कम हैं। सभी गांवों के सर्किल रेट बढ़ाकर किसानों को उनकी कृषि भूमि का उचित मूल्य दिलाया जाए। इस दौरान जिला मंत्री प्रभु पाल सिंह मौर्य, जिला उपाध्यक्ष रामजी सिंह, जिला मंत्री सदानंद मौर्य, दयाराम सिंह, नंदलाल, मदनलाल, सुरेंद्र, हीरालाल, जयप्रकाश सिंह, दिनेश सिंह, आनंद प्रकाश सिंह आदि किसान मौजूद रहे।