सोनभद्र। हिंदुआरी फीडर से जुड़े इलाकों में अघोषित बिजली कटौती, बार-बार लो-वोल्टेज और उपभोक्ताओं की शिकायतों की अनदेखी से नाराज उपभोक्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा। सपा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. लोकपति सिंह ने बताया कि हिंदुआरी फीडर से जुड़े बिच्छी, ममुआं, बुड़हर, नई, मर्सिया, हिंदुआरी, ओरगाईं, केवटी, तिरनाही, थीरु, बबुरा, बगही, बगडीहा, गेंवड़ी समेत दर्जनों गांवों में लंबे समय से अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इससे किसानों की धान की फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है, छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है। अगर शीघ्र ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जनहित में व्यापक एवं लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा। अध्यक्षता कर रहे समाजवादी युवजन सभा के जिला उपाध्यक्ष रमेश यादव ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत निगम के अधिकारी उपभोक्ताओं के फोन भी नहीं उठाते। प्रदर्शन में समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष बबलू धांगर, प्रेमनाथ, विजय गिरि, श्यामलाल विश्वकर्मा, फूल सिंह पटेल, मंजूर आलम, हरदेव सिंह आदि मौजूद रहे।