सोनभद्र। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं को अब गर्म भोजन मिलेगा। इसके लिए पहल शुरू कर दी गई है। किचन और उससे जुड़े मेस की स्थिति सुधारने के साथ ही उसे आकर्षक लुक दिया जाएगा। सीडीओ जागृति अवस्थी की पहल पर सीएसआर से प्रत्येक कस्तूरबा विद्यालय में जहां लगभग पांच-पांच लाख से कार्य कराए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिला निगरानी समिति से मंजूरी मिलने के बाद आगणन (एस्टीमेट) तैयार कराया जा रहा है। माना जा रहा है कि जल्द ही मेस (किचन और भोजन कक्ष) की स्थिति सुधारने का काम शुरू होगा। बताते चलें कि राबटर्सगंज, चतरा, म्योरपुर, दुद्धी, चोपन, नगवां, बभनी, घोरावल और जुगैल क्षेत्र में कस्तूरबा विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। सभी विद्यालयों में 100-100 छात्राएं अध्ययनरत हैं। सभी जगह मेस का निर्माण किया गया है लेकिन पुराने तरीके से निर्माण होने के कारण रसोइयों के साथ ही छात्राओं को भी पर्याप्त प्रकाश सहित अन्य दिक्कतों से गुजरना पड़ता है। बैठने के लिए रखे गए टेबल-बेंच भी पुराने होने के कारण उनकी स्थिति अच्छी नहीं रह गई है। कई बार साफ-सफाई को लेकर भी सवाल उठते रहते हैं। वहीं प्रकाश की अच्छी व्यवस्था के साथ फर्श-दीवारों की भी स्थिति सुधारी जाएगी। भोजन कक्ष में छात्राओं के लिए बैठने की व्यवस्था अच्छी बनी बनाई जाएगी। साफ-सफाई की भी स्थिति लगातार बेहतर बनी रहे, इसके लिए भी पाइप आदि का कार्य व्यवस्थित तरीके से कराए जाएंगे। इन सारी चीजों को देखते हुए जहां किचन में सिंक आदि का निर्माण आधुनिक तरीके से कराने का निर्णय लिया गया है। साथ ही भोजन आखिर तक गर्म रहे, इसके लिए जरूरी उपकरणों का सहारा लिया जाएगा। बता दें कि यह 100 छात्राओं, शिक्षकों-स्टाफों का भोजन एक साथ बनने के कारण कई बार खाने की चीजें ठंडी हो जाती हैं। खासकर ठंडक के समय छात्राओं को भोजन ठंडा होने के चलते खासी परेशानी होती है। पिछले दिनों सीडीओ ने सीएसआर की बैठक ली थी। उस दौरान कस्तूरबा विद्यालयों में छात्राओं को गर्म भोजन उपलब्ध कराने के लिए जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित कराने के साथ ही मेस की स्थिति सुधारने का निर्णय लिया गया था।