सोनभद्र। जिले के दूरस्थ और नेटवर्क विहीन गांवों के लोगों को अब पहाड़ और पेड़ों पर चढ़कर नेटवर्क नहीं ढूंढना पड़ेगा। जल्द ही इन इलाकों में बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी। जिला प्रशासन की पहल पर बीएसएनएल रॉबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्धी तहसील के 14 गांवों में 4जी मोबाइल टॉवर स्थापित करेगा। टॉवर स्थापना का कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है। जटिल भौगोलिक परिस्थितियों वाले जिले के कई इलाके आज भी मोबाइल नेटवर्क से वंचित हैं। इन क्षेत्रों में सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए लोगों को पेड़ और पहाड़ पर चढ़कर मोबाइल नेटवर्क ढूंढना पड़ता है। मोबाइल नेटवर्क के अभाव में यहां न तो सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंच पा रही और न ही लोग ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा पा रहे। इसका असर शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं और सरकारी योजनाओं तक लोगों की पहुंच पर पड़ता है। लंबे समय से यहां नेटवर्क सुविधा की मांग उठती रही है। इस समस्या के समाधान के लिए डीएम ने पिछले दिनों बीएसएनएल के अधिकारियों के साथ बैठक कर नए टॉवर लगाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए थे। अब यह कोशिश मूर्त रूप लेने जा रही है। पहले चरण में रॉबर्ट्सगंज तहसील के नगवां, दरमा, मड़कुरी और सांडसोत, घोरावल तहसील के ढोलो, सपही, इमिलीपोखर, मूर्तिया, देवगढ़ और दुद्धी तहसील के डूमा, जौराही, गंगहर, सिसवा, पतखिरना गांवों में 4जी टॉवर लगाए जाएंगे। पहले चरण के बाद दूसरे चरण में दुद्धी तहसील के सोढ़ो, बिच्छी, कोटा, जोरकहू और ओबरा तहसील के पकरी, झरिया, कंधौरा, भरमहोरी, कन्हरा, बैरपुर गांवों में भी मोबाइल टॉवर स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। जल्द ही इन गांवों में भी नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू होगी। जुगैल क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर करने के लिए पिपरा, गरदा और जोरावना में भी टॉवर स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। इसके पूरा होने पर इस क्षेत्र के लोगों को भी बेहतर मोबाइल और इंटरनेट सेवा का लाभ मिलेगा।