सोनभद्र। जिले में सघन पल्स पोलियो महा अभियान रविवार 28 जून से शुरू होगा। अभियान के तहत जन्म से पांच वर्ष तक के 3,07,095 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जनजागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में स्वास्थ्य विभाग की एएनएम, आशा कार्यकर्ता, विभिन्न नर्सिंग एवं पैरामेडिकल संस्थानों के छात्र-छात्राएं, स्वास्थ्यकर्मी और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। सीडीओ ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए समय पर पोलियो की दो बूंदें पिलाना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को हर बार पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, भले ही उसे पहले कई बार दवा दी जा चुकी हो। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और मीडिया से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने बूथ, ट्रांजिट बूथ और घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाने की व्यापक व्यवस्था की है। अगर कोई बच्चा बूथ तक नहीं पहुंच पाता है तो घर आने वाली स्वास्थ्य टीम उसे पोलियो की खुराक पिलाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. गिरधारी लाल ने बताया कि अभियान के लिए जिले में 1092 पोलियो बूथ, 36 ट्रांजिट टीम और सात मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। बूथ दिवस पर सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। विभाग का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक बच्चों को बूथों पर ही दवा पिलाई जाए।