सोनभद्र। सोन नदी में डूबकर निषाद समाज के दो किशोरों समेत तीन की मौत के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय और उचित मुआवजा देने की मांग की। सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि मुआवजे के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस परिवार का घर उजड़ता है, वही उसके दर्द को समझ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और जनप्रतिनिधि इस गंभीर मामले पर मौन हैं। सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। दिनेश साहनी और सुरेश अग्रहरि ने कहा कि सोनभद्र में खनन से जुड़े हादसे पहले भी हो चुके हैं, लेकिन सरकार ने उनसे कोई सबक नहीं लिया। प्रदर्शन का संचालन अल्पसंख्यक सभा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी ने किया। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला और अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान मनीष केड़िया, लालू यादव, अशोक केवट, शौर्य त्रिपाठी, संदीप भारती, अर्जुन खरवार, सुरेंद्र प्रजापति, अनिल विश्वकर्मा और सरजू प्रसाद आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।