सोनभद्र। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय बहुआर में चल रहे वाराणसी संकुल के पांच दिवसीय भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तृतीय सोपान गाइड शिविर का रविवार को समापन हो गया। इस शिविर में वाराणसी संकुल के 12 जवाहर नवोदय विद्यालयों की 91 गाइड्स ने भाग लिया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को टेंट निर्माण, शिविर क्राफ्ट, प्राथमिक उपचार, विभिन्न प्रकार की गांठें बांधने, मानचित्र अध्ययन, ट्रैकिंग, लंबी पदयात्रा, खुली आग पर भोजन बनाना, कैंप फायर, आपदा प्रबंधन, नेतृत्व विकास, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में समस्या समाधान का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना रहा। समापन समारोह में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूह नृत्य और लोकनृत्य प्रस्तुत किए। चंदौली की छात्राओं की ओर से प्रस्तुत राजस्थानी लोकनृत्य कालबेलिया कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। प्रशिक्षक अशोक कुमार, किरण सिंह और सुरभि यादव सहित अन्य प्रशिक्षकों ने पांच दिनों की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की। विद्यालय के प्राचार्य अंशुमान सिंह ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ता है। उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम के अंत में पीजीटी (जीवविज्ञान) राहुल सिंह ने विभिन्न नवोदय विद्यालयों से आए एस्कॉर्ट शिक्षकों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। शिविर के सफल आयोजन में विवेक पटेल, रविशंकर पांडेय, मनीष कुमार, आंचल यादव आदि ने सक्रिय सहयोग दिया।