सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत परासी पांडेय की हरिजन बस्ती में इन दिनों गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। यह स्थिति तब है, जब गांव में ही पानी की टंकी बनी हुई है। हर घर नल योजना के तहत बनी जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित नहीं होने के कारण ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण गणेश पांडेय का कहना है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत बिछाई गई पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ऐसे में ग्रामीणों को करीब 150 से 200 मीटर दूर जाकर डिब्बा और बाल्टी लेकर पानी लाना पड़ रहा है। गर्मी के इस मौसम में पानी की किल्लत ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि हैंडपंपों पर सुबह से ही भीड़ लग जाती है, जिससे महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में तत्काल टैंकर से पेयजल आपूर्ति की जाए और साथ ही जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। इस समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों में रामपति, सालिक, रियाजुल हुसैन, दुर्गावती, मल्टी, गणेश पांडेय, हेमंत दुबे, प्रवेश, सुमित सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।