UP: राहुल का पोस्टर लेकर चिल्लाया कार्यकर्ता, पुलिस का बर्ताव ठीक नहीं, उठाकर ले गई टीम; 8 हिरासत में
National Herald Case: सोनभद्र में भी कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया। भाजपा कार्यालय का घेराव करने निकले लेकिन पुलिस ने सभी को रोक लिया। इस दाैरान कांग्रेसियों और पुलिस में नोकझोंक हुई।
विस्तार
Sonbhadra News: नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रहे कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। हाईवे पर बैठकर जाम लगा रहे जिलाध्यक्ष समेत आठ नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी और असंवैधानिक ढंग से एफआईआर का आरोप लगाया। जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में कार्यकर्ता उरमौरा स्थित जिला कार्यालय से जुलूस की शक्ल में भाजपा कार्यालय की ओर से रवाना हुए। कुछ दूर बढ़ते ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
इसे लेकर कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। रोके जाने से नाराज कार्यकर्ता हाईवे पर बीच सड़क पर बैठ गए। पार्टी नेताओं का कहना था कि भाजपा सरकार ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से आधारहीन, अनैतिक और असंवैधानिक तरीके से मुकदमा दर्ज कराया था, जिसे न्यायालय ने निराधार मानते हुए खारिज कर दिया। कांग्रेस ने इसे सत्य की जीत बताया।
पुलिस ने की कार्रवाई
कार्यकर्ताओं ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किए जाने का आरोप लगाया। काफी देर तक चली नोकझोंक के बाद पुलिस ने जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा, श्रीकांत मिश्र, कमलेश ओझा, प्रदेश सचिव जितेंद्र पासवान, संगीता श्रीवास्तव, बेबी सिंह सहित आठ नेताओं को वाहन में बिठाकर चुर्क चौकी ले गई। कुछ ही देर में वहां अन्य कार्यकर्ता पहुंचकर भी पहुंच गए। बाद में सभी को रिहा कर दिया। प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद, पूर्व अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी, कौशलेश पाठक, राजबली पांडेय, कन्हैया पांडेय आदि शामिल रहे।
