Sultanpur News: पांच बिस्वा जमीन के लिए साले ने रची खूनी साजिश, साथियों के साथ मिलकर जीजा को मार डाला
सुल्तानपुर में पांच बिस्वा जमीन के लिए साले ने खूनी साजिश रची। साथियों के साथ मिलकर जीजा की हत्या कर दी। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के सुल्तानपुर में कोतवाली नगर क्षेत्र के लोलेपुर चौहानी में दो अगस्त को हुए शाकिब हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, हाईवे किनारे स्थित पांच बिस्वा जमीन के लालच में शाकिब की उसके साले ने चार साथियों के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी चारू निगम ने बताया कि मो. शाकिब (25) मूल रूप से गोसाईंगंज क्षेत्र के फरीदीपुर का रहने वाला था। बचपन से ही वह लोलेपुर चौहानी स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। तीन अगस्त को उसका शव जल निगम के एसटीपी प्लांट में मिला था। मृतक के पिता सहबान की तहरीर पर कोतवाली नगर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
महुआ की बाग में बैठे थे आरोपी
घटना के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। शनिवार सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड से जुड़े चार आरोपी चौहानी से बाईपास जाने वाली सड़क पर विनोबापुरी के सामने महुआ की बाग में बैठे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने चारों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने शाकिब की गला दबाकर हत्या करने और शव तालाब में फेंकने की बात स्वीकार की।
खुलासा करने वाली टीम के लिए 25 हजार का पुरस्कार
पुलिस ने कोतवाली देहात क्षेत्र के नकराही निवासी सलमान अहमद, लोलेपुर निवासी मो. हुसैन, मो. जीशान और शाकिब के सगे साले कोतवाली देहात क्षेत्र के नेकराही निवासी सलमानुल हक को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी चारू निगम ने हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।