सफीपुर। मियागंज ब्लाॅक के गांव कादिरपुर में चल रही डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए फाइनल मुकाबले में आसीवन क्लब को नौ विकेट से हराकर कादिरपुर इलेवन ने ट्राॅफी नाम की। विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।
रविवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन पहले सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में आसीवन क्लब और बारी थाना के बीच मुकाबला हुआ, जो बराबरी पर रहा। सुपर ओवर में आसीवन क्लब ने जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में कादिरपुर इलेवन ने कुरसठ को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में आसीवन क्लब के कप्तान अपसार अली ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 4 ओवर में 31 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कादिरपुर की टीम ने कप्तान मोहम्मद फरीद, आमिर व निसार की बेहतरीन पारी की बदौलत 3.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। मैन आफ द मैच निसार अली व मैन ऑफ द सीरीज मोहम्मद फरीद चुने गए। आयोजक कमेटी के वैस खान, जैनुल आबदीन, इबादुर्रहमान खान, समीर, साहिल मंसूरी व आसिफ ने विजेता कादिरपुर इलेवन टीम को ट्राॅफी सहित नकद सात हजार रुपये दिए। उपविजेता आसीवन क्लब को ट्राॅफी सहित 3.5 हजार का पुरस्कार दिया गया।