उन्नाव। दिन भर तेज गर्मी के बाद रात नौ बजे आई तेज आंधी से गर्मी से कुछ राहत तो मिली लेकिन पूरे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं हसनगंज और सफीपुर क्षेत्र में आम की फसल को नुकसान हुआ है।
रात करीब आई तेज आंधी से शहर के कब्बाखेड़ा बिजली उपकेंद्र से जुड़े कचहरी, पुलिस लाइन, सिविल लाइंस, पीतांबर नगर उपकेंद्र से संपर्कित मोतीनगर, बाबूगंज, आवास विकास कॉलोनी के अलावा पीडी नगर में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर तार टूटने से बिजली आपूर्ति चरमरा गई। मोतीनगर निवासी अनिल कुमार, राजीव सिंह, दिनेश कुमार आदि ने बताया कि मोहल्ले में रविवार रात करीब 12 बजे गई बिजली सोमवार सुबह दस बजे आई और करीब तीन घंटे बिजली मिली इसके बाद ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई। रात आठ बजे बिजली आई लेकिन एक घंटे बाद आंधी आने से फिर गुल हो गई। पुरवा, सफीपुर, बांगरमऊ, बीघापुर क्षेत्र के गांवों की बिजली आपूर्ति चरमरा गई है। बिजली निगम के एसई अमिय कुमार सिंह ने बताया कि कुछ स्थानों पर तार टूटने की घटनाएं हुई हैं। उनकी मरम्मत कराई जा रही है। (संवाद)