उन्नाव। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तीन बड़ी किराना दुकानों में छापेमारी की। इस दौरान खाद्य मसालों की जांच करके 14 नमूने लिए। 1.51 लाख रुपये के मसाले सील कर दिया। दुकान संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया।
टीम ने सबसे पहले मगरवारा में संचालित मेसर्स अनुज ट्रेडर्स में छापा मारा। यहां 92,950 रुपये का 550 किलो हल्दी पाउडर मिलावट के संदेह पर सील कर दिया। इसके अलावा मेसर्स नीतू नगर इंटरप्राइजेज सहजनी गंगाघाट से 19600 रुपये का और मेसर्स कृष्णा इंटरप्राइजेज नौनिहालगंज बांगरमऊ से 39212 रुपये का मसाला सील किया गया। इसके अलावा मिर्च पाउडर, लाल मिर्च, गरम मसाला, धनिया पाउडर, हींग (पैक्ड) सहित 14 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशीष वर्मा, उपासना साह, अनिल कुमार कटियार, रुचि बाजपेयी व राजेन्द्र प्रसाद शामिल रहे।