उन्नाव। मौरावां पुलिस ने आठ दिन पहले एसओजी टीम की दो गाड़ियों में टक्कर मारकर भागने वाले गोकशी और गैंगस्टर के आरोपी को बृहस्पतिवार की रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मौरावां सीएचसी में भर्ती कराया है।
पुलिस और एसओजी टीम मौरावां-कालूखेडा मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बाइक से आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर युवकों ने बाइक घुमाई और भागने लगे। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठा एक युवक सड़क पर गिर गया, जबकि उसका साथी बाइक सहित लखनऊ की ओर भागने में सफल रहा। सड़क पर गिरे युवक ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायर किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। पूछताछ में घायल युवक ने अपना नाम मो. नईम खां उर्फ मोटू बताया, जो थाना बंथरा, जिला लखनऊ का निवासी है।
पूछताछ में मो. नईम खां ने खुलासा किया कि 14 जनवरी को एसओजी के दो वाहनों में टक्कर मारने के बाद वह स्कॉर्पियो से भागा था और पुलिस पर गोली भी चलाई थी। इस घटना की प्राथमिकी असोहा थाना एसओ फूल सिंह ने दर्ज कराई थी। मौरावां थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह के अनुसार, पकड़ा गया बदमाश किराए पर गाड़ी लेकर गोकशी का काम करता था। 14 जनवरी को भी वह साथी के साथ गोकशी की घटना को अंजाम देने असोहा आया था। पुलिस ने घेराबंदी की तो उसने हमला कर भागने की कोशिश की थी। पकड़े गए बदमाश पर सीतापुर के थाना कमलापुर में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत, तथा असोहा थाने में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।