बिछिया (उन्नाव)। दुबई जाने से पहले अपने लिए चप्पल लेने बाजार गए युवक की लौटते समय दोपहर दो बजे पड़रीकला-हुसैननगर मार्ग पर तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से मौत हो गई जबकि साथी घायल हो गया। उसे आज ही दुबई जाना था और शाम छह बजे की फ्लाइट थी। हादसे के वक्त बाइक पर पीछे बैठा साथी घायल हो गया है। टक्कर मारने वाले वाहन को पड़ने की मांग करते ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में टक्कर मारने वाला लोडर नजर आया तो एफआईआर का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने शाम पांच बजे शव ले जाने दिया। वह हेलमेट नहीं लगाए थे।
अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव सिंघाखेड़ा गांव निवासी राजू (35) पुत्र नन्हेलाल पड़ोसी गांव टीकाखेड़ा निवासी दोस्त पुष्पेंद्र यादव (25) पुत्र सुनील यादव के साथ चप्पल लेने जमुका बाजार गया था। लौटते समय पड़रीकला-हुसैननगर मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में राजू की मौत हो गई, पुष्पेंद्र घायल हो गया।
पुष्पेंद्र ने बताया कि राजू दुबई में काम करता था। शाम छह बजे अमौसी हवाई अड्डे से फ्लाइट थी। मौत की सूचना पर परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और जाम लगा दिया। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार शुक्ल ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के जरिए लोडर की पहचान की और प्राथमिकी दर्ज करने का आश्वासन दिया तब परिजन शांत हुए। घायल को बिछिया सीएचसी में भर्ती कराया गया। बेटे की मौत से मां कुंवारा पत्नी रूपा, दो बेटे रितेश, रितिक, बड़े भाई बहादुर बेहाल हैं। अचलगंज थानाध्यक्ष बृजेश कुमार शुक्ल ने बताया कि वाहन की पहचान हो गई है। तहरीर आने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

फोटो-35- राजू (फाइल फोटो)।