न्नाव। जिला कांग्रेस कमेटी ने डीजल, पेट्रोल और सीएनजी की बढ़ी कीमतों के विरोध में प्रदर्शन किया। पार्टी जिला कार्यालय में हुई बैठक में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार जनहित के कार्यों से सरोकार नहीं रखती। ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से आम जनता महंगाई से परेशान है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमत सिंह ने सरकार के उपेक्षात्मक रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि उसकी नीतियों से गरीब और अधिक गरीब हो रहा है। चंद्र प्रकाश शुक्ला, जंग बहादुर सिंह और अनुराग सिंह ने भी बैठक को संबोधित किया। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारी नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। प्रदर्शन में बोधराज सिंह, अशोक अवस्थी समेत कई कांग्रेसजन शामिल रहे।