UP: माफिया मुख्तार अंसारी, मुन्ना बजरंगी के नाम पर वसूले ढाई करोड़; UP के इस थाने में छह आरोपियों के खिलाफ FIR
वाराणसी के भेलूपुर थाने में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि 35 लाख रुपये रंगदारी भी मांगी गई थी। आरोपियों ने शिकायकर्ता के घर में घुसकर मारपीट की थी।
विस्तार
Varanasi News: माफिया मुन्ना बजरंगी और मुख्तार अंसारी के नाम पर सूद के ढाई करोड़ वसूलने और 35 लाख की रंगदारी समेत अन्य आरोपों में पूर्णा भट्टाचार्य ने छह आरोपियों के खिलाफ बीती रात भेलूपुर थाने में केस दर्ज कराया है। 31 लाख कर्ज के एवज में सूदखोरों ने ढाई करोड़ रुपये वसूले और सिद्धगिरीबाग के मकान की रजिस्ट्री भी करा ली। भेलूपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोनारपुरा फरीदपुर निवासी पूर्णा ने पुलिस को बताया कि पति देवजीत भट्टाचार्य ने 2019 में जवाहर नगर भेलूपुर निवासी राधेश्याम मौर्य से 18 लाख रुपये और मुन्ना कपूर से 13 लाख रुपये लिए थे। कुछ ही दिन बाद राधेश्याम मौर्य अपने साथी मकसूद आलम, राहुल विश्वकर्मा और गुप्तेश्वर तिवारी के साथ घर पहुंचा और गालीगलौज के बाद धमकी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
राधेश्याम ने 18 लाख के एवज में 2 करोड़ और मुन्ना कपूर ने 13 लाख की जगह 44 लाख रुपये लिए। राहुल विश्वकर्मा ने 15 लाख वसूले। मुन्ना ने धमकी दी कि 35 लाख और चाहिए। पैसा नहीं मिला तो बेटी को अगवा कर हत्या कर देंगे। आरोपियों ने धमकाया कि यह पैसा मुख्तार अंसारी और मुन्ना बजरंगी का था।
29 जनवरी 2021 को राधेश्याम ने साथियों के साथ पति को अगवा कर लिया। सिद्धगिरी बाग निवासी मकसूद आलम के नाम से रजिस्टर्ड एग्रीमेंट चार लाख में कर दिया। पैसा भी नहीं दिया। एग्रीमेंट के समय पति से आरोपियों ने सादे स्टांप पर हस्ताक्षर भी कराया था।
भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जवाहर नगर निवासी राधेश्याम मौर्य, सिद्धगिरी बाग आशियाना अपार्टमेंट निवासी धीरेंद्र कपूर उर्फ मुन्ना कपूर, सिद्धगिरी बाग निवासी मकसूद आलम, राहुल विश्वकर्मा, गुप्तेश्वर तिवारी और उत्तम के खिलाफ रंगदारी, सूदखोरी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।