अभिनेता अखिलेंद्र पहुंचे काशी: बाबा विश्वनाथ सहित काल भैरव मंदिर में टेका मत्था, देखी गंगा आरती; ली सेल्फी
Actor Akhilendra Mishra in Kashi: अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा ने चार मिनट 42 सेकंड की एक वीडियों भी सोशल मीडिया पर वायरल की है। इसमें वे एक छत पर खड़े हैं और गंगा आरती का आनंद उठा रहे हैं। अंत में उन्होंने हर-हर महादेव का उद्घोष भी किया।
विस्तार
Varanasi News: अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा इन दिनों काशी की आध्यात्मिक यात्रा पर हैं। ‘चंद्रकांता’ में क्रूर सिंह के किरदार से लोकप्रिय हुए अभिनेता ने करीब 48 घंटे काशी में बिताए और इस दौरान प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन किया।
अभिनेता ने काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन किए और करीब एक घंटे तक मंदिर परिसर में बैठकर शिव स्तुति का पाठ किया। इसके बाद उन्होंने काल भैरव मंदिर पहुंचकर बाबा काल भैरव का आशीर्वाद लिया। उनकी इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखा गया।
अखिलेंद्र मिश्रा ने कहा कि वह काशी में आध्यात्मिक शांति की तलाश में आए थे और यहां आकर उन्हें अद्भुत सुकून का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि काशी की यह यात्रा उनके लिए बेहद खास रही और यहां का वातावरण मन को गहराई से छूने वाला है।
गलियों में किया सैर-सपाटा
उन्होंने काशी के बदलते स्वरूप की भी सराहना की। अभिनेता ने कहा कि शहर में हाल के वर्षों में काफी सकारात्मक बदलाव हुए हैं और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं पहले की तुलना में बेहतर हो गई हैं। उन्होंने साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और सुगम दर्शन व्यवस्था की भी प्रशंसा की।
अपने अभिनय करियर को लेकर अखिलेंद्र मिश्रा ने कहा कि उनकी शुरुआत बचपन से ही हो गई थी। गांव में दुर्गा पूजा के दौरान होने वाले नाटकों में वह हिस्सा लिया करते थे। उन्होंने बताया कि एक बार एक नाटक में छोटे बच्चे की भूमिका के लिए उन्हें चुना गया, जो उनके लिए बेहद खुशी का पल था। उस समय गांव में बिजली नहीं थी और लालटेन की रोशनी में ही नाटक की तैयारियां होती थीं। उन्होंने कहा कि उसी अनुभव ने उन्हें अभिनय से जोड़ा और तब से आज तक वह इस क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।
