बांसडीह में फिर बड़ी चोरी: लाखों के गहने और नकदी गायब, वाराणसी गया था परिवार; लौटने पर टूटा मिला मकान का ताला
जिले के बांसडीह में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। परिवार के एक दिन के लिए वाराणसी जाने के दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के गहने और 50 हजार रुपये नकद पार कर दिए। घर लौटने पर परिवार को ताला टूटा मिला। इसके बाद चोरी की जानकारी हुई। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
विस्तार
बांसडीह कस्बे में चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ताजा मामला वार्ड नंबर-11 का है, जहां चोरों ने एक बंद दो मंजिला मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। परिवार के लोग बुधवार की सुबह वाराणसी गए थे। गुरुवार की शाम लौटे तो मकान का ताला टूटा मिला और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-11 निवासी सुरेश पांडेय अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। उनके पुत्र और पुत्रवधू नौकरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। बुधवार की सुबह सुरेश पांडेय अपनी पत्नी के साथ वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने गए थे। गुरुवार की शाम घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की जांच की तो नकदी और आभूषण गायब मिले।
अलमारी खंगालकर नकदी और गहने ले गए चोर
पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर 50 हजार रुपये नकद के अलावा मांगटीका, नथिया, कान के झुमके, सोने के टप्स, बाली, अंगूठियां, दो मंगलसूत्र, चांदी की पायल, दर्जनों बिछिया और नाक की कील समेत अन्य आभूषण उठा ले गए। चोरी गए गहनों में सुरेश पांडेय और उनकी बहू के आभूषण भी शामिल हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि वे महज एक दिन के लिए मकान बंद करके गए थे। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। कस्बे में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी की वारदातों का खुलासा नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी के मामलों का जल्द खुलासा करने की मांग की है।