Varanasi Top News: बिड़ला सी हॉस्टल से 12 सीसीटीवी कैमरे गायब, दंपती को जान से मारने की धमकी समेत बड़ी खबरें
Varanasi News: वाराणसी जिले में पिछले 24 घंटे में कई खबरें चर्चा में रहीं। बिड़ला सी हॉस्टल से 1 लाख के 12 सीसीटीवी कैमरे गायब हो गए। वहीं 46 साल पुराने हत्याकांड में दोषी भदोही के विधायक को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। वह गायिका से दुष्कर्म के मामले में भी दोषी है। पढ़ें- अन्य खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिड़ला सी हॉस्टल से 1 लाख के 12 सीसीटीवी कैमरे गायब, तार भी नोचे
बीएचयू के सबसे पुराने हॉस्टल बिड़ला सी में लगे एक लाख के सभी 12 सीसीटीवी कैमरे रातों रात गायब हो गए। साथ ही तार भी नोच लिए गए हैं और छतों पर भी तार काटे गए हैं। छात्रों के अनुसार हॉस्टल परिसर में रात को मेन लाइन चेंजर को बंदकर ये काम किया गया था। पूरे हॉस्टल की लाइट काटने के बाद सीसीटीवी निकाले गए। सूचना मिलने के बाद बुधवार को वार्डेन डॉ. सत्य प्रकाश पाल हॉस्टल पहुंचे और मुआयना किया। छात्रों ने बताया कि सीसीटीवी के गायब होने का सिलसिला दो-तीन दिनों से शुरू हुआ था। गायब करने वाले कौन लोग थे इसका पता नहीं चल सका है, लेकिन हॉस्टल प्रशासन की ओर से जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। छात्रों के अनुसार वार्डेन की ओर से फाइन लगाने की कार्रवाई की जाएगी। बीएचयू के अधिकारियों को भी इस घटना से अवगत करा दिया गया है।
गायिका से दुष्कर्म के मामले में भी दोषी है पूर्व विधायक विजय मिश्र
46 साल पुराने हत्याकांड में दोषी ज्ञानपुर के पूर्व विधायक विजय मिश्र को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। दो साल पहले नवंबर 2023 में भी एमपी एमएलए की कोर्ट ने गायिका से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में भी 15 साल की सजा सुना चुकी है। जैतपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने पूर्व विधायक विजय मिश्र, उनके बेटे विष्णु मिश्रा, नाती विकास मिश्रा समेत अन्य पर अक्तूबर 2020 में सामूहिक दुष्कर्म व धमकी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। तीन साल तक चले केस में एमपी एमएलए कोर्ट ने विजय मिश्र को दोषी करार देते हुए 15 साल की सजा सुनाई। वहीं, बेटे और नाती को दोषमुक्त कर दिया। गायिका का आरोप था कि 2014 के लोकसभा चुनाव में अपनी बेटी के चुनाव प्रचार के लिए बुलाया था और फिर दुष्कर्म किया।
इसे भी पढ़ें; Mirzapur News: 10 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में वन दरोगा गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई
विनायक प्लेटिना अपार्टमेंट में दंपती को जान से मारने की धमकी
महमूरगंज के विनायक प्लेटिना अपार्टमेंट में मंगलवार रात दंपती को कार सवार मनबढ़ों ने गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी। सिगरा पुलिस के पहुंचने पर कार सवार भाग निकले। पुलिस ने कुछ दूर तक वाहन का पीछा किया। पीड़ित ने सिगरा थाने में अभिनव कुमार सिंह समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। अमित सिंह की पत्नी गीतांजलि सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे और पति के साथ फ्लैट में रहती हैं। रात 9.30 बजे से 1 बजे तक फोन कर गालीगलौज की गई और गोली मारने की धमकी दी गई। इसकी सूचना तुरंत डायल-112 पर दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले टाटा हैरियर और काले रंग की गाड़ी से चार लोग पहुंचे और गालीगलौज की। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी कार लेकर भागे। सीसी कैमरे में पूरी घटना कैद है। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मारपीट में चार पर प्राथमिकी दर्ज
जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव में मारपीट में पीड़ित संतोष राजभर ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पीड़ित के अनुसार, 11 मई की शाम चार बजे शिवशंकर, हरिशंकर, विकास और राजन राजभर उनके पास पहुंचे और विवाद करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपित धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। संवाद
विवाहिता लापता, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप
जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी गांव से रुबि देवी लापता हो गईं। पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष पर मारपीट, प्रताड़ना और धमकी देने का आरोप लगाया है। शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग निवासी भइयालाल गोड़ के अनुसार, उनकी पुत्री का विवाह चौखंडी निवासी सुनील कुमार गोड़ के साथ हुआ। दंपती के तीन बच्चे हैं। पिता का आरोप है कि दामाद शराब का आदी है और उसने बेटी के गहने तक बेच दिए। शराब पीने से मना करने पर वह बेटी के साथ मारपीट करता था। पूर्व में भी विवाद बढ़ने पर मामला महिला प्रकोष्ठ पहुंचा था, जहां समझौते के बाद बेटी को ससुराल भेज दिया गया था। आरोप है कि कुछ दिन पहले पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी ने रुबि को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा और देर रात घर से निकाल दिया। बच्चों को मायके भेज दिया गया। अगले दिन जब परिजन जानकारी लेने पहुंचे तो ससुराल पक्ष ने रुबि के बारे में अनभिज्ञता जताई। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
किशोरी लापता, प्राथमिकी दर्ज
थाना क्षेत्र निवासी किशोरी 28 अप्रैल को घर से निकली फिर लौटी नहीं। खोजबीन कर परिजनों ने थाने में एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को तहरीर में परिजनों ने आरोप लगाया कि किशन विश्वकर्मा किशोरी को बहलाकर अपने साथ ले गया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
डिवाइडर से टकराकर कार क्षतिग्रस्त
जंसा थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में बाइक एजेंसी के पास बुधवार दोपहर दो बजे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार चालक समेत दो लोग बाल-बाल बचे गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भदोही की ओर से वाराणसी जा रही कार तेज गति में थी। चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने बताया कि कार में चालक समेत दो युवक सवार थे, जो हादसे के तुरंत बाद मौके से हट बढ़ गए। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि चालक की पहचान की जा रही है।
पति, सास और ननद समेत पर प्राथमिकी दर्ज
सिंधौरा थाना क्षेत्र निवासी विवाहिता ने पति, सास और ननद समेत अन्य पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जबरन गर्भपात कराने और अप्राकृतिक दुष्कर्म का आरोप लगाया। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 16 मई 2025 को बड़ागांव क्षेत्र निवासी अमरजीत पाल से हुई थी। आरोप है कि शादी में लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी ससुराल पक्ष ब्रेजा कार या 15 लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करता था। पति चरित्र पर संदेह जताता था और अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर सास और ननद ने जबरन गर्भपात की दवा खिला दी। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जांच की जा रही है।
विकलांग दंपती से मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज
सिंधौरा थाना क्षेत्र के पतिराजपुर गांव में विकलांग दंपती से मारपीट के मामले में कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज हुई। पीड़िता गुड्डी चौहान के अनुसार, 13 नवंबर 2025 को वह खेत में पुआल जला रही थीं। तभी गांव के शनि उर्फ रितेश, सरिता देवी और श्वेता उर्फ गुड़िया वहां पहुंचे। आरोप है कि श्वेता वीडियो बनाने लगी और विरोध करने पर जमीन विवाद को लेकर गालीगलौज शुरू कर दी। इसके बाद तीनों ने मिलकर गुड्डी चौहान की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति रामकृष्ण चौहान को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
युवक पर युवती का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र निवासी युवक पर युवती का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने और ब्लैकमेल का आरोप लगा है। पीड़िता की मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी बाइक मिस्त्री है। क्षेत्र की रहने वाली युवती का पड़ोसी गांव के युवक से प्रेम संबंध था। इसी दौरान युवक ने युवती का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। बाद में वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाने लगा। इससे युवती और उसका परिवार मानसिक तनाव में है। पीड़िता की मां का कहना है कि आरोपी युवक लगातार धमकी दे रहा है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पाण्डेय ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आदर्श पुलिसकर्मी के रूप में अनुशासन के साथ करें काम
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार रात सारनाथ सर्किल के (सारनाथ थाना, चौबेपुर व चोलापुर) के नवागत आरक्षियों और विवेचकों के साथ सारनाथ थाना परिसर में बैठक की। नवागत आरक्षियों को समाज में आदर्श पुलिसकर्मी के रूप में अनुशासन, के साथ कार्य, सार्वजनिक स्थानों पर मर्यादित आचरण बनाए रखने व यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के लिए निर्देशित कियापुलिस आयुक्त ने आरक्षियों की मूलभूत सुविधाओं, 15-15 दिवस के प्रशिक्षण रोस्टर, सतत मॉनिटरिंग और अनुभवी कर्मचारियों के साथ बीट आवंटन पर विशेष जोर दिया। व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रत्येक प्राथमिकी में शत-प्रतिशत यूनिक एसआईडी निर्माण करने, विवेचनाओं का 60 व 90 दिन की समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और थाना प्रभारियों को समीक्षा के लिए निर्देशित किया। उधर, सारनाथ में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने समीक्षा बैठक के दौरान विवेचना समय से पूरा न होने पर चौबेपुर थाने से उपनिरीक्षक महेश मिश्रा, सारनाथ थाने के दरोगा अजय कुमार, शिव नारायण, अनुज कुमार, अमरजीत कुशवाहा पर नाराजगी जताई।
टेलीग्राम के जरिए 3.51 लाख की साइबर ठगी
टेलीग्राम ग्रुप पर जुड़कर शेयर ट्रेडिंग का झांसा देकर साइबर जालसाजों ने 3.51 लाख रुपये खाते से साफ कर दिए। पीड़िता ने बुधवार को सिगरा थाने में साइबर ठगी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। सिगरा थाना क्षेत्र के बादशाहबाग कॉलोनी निवासी पीड़िता मिशकात अलीम ने पुलिस को बताया कि 15 अप्रैल को व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप से शेयर ट्रेडिंग के लिए प्रेरित किया गया। अनजान नंबर से आए कॉल के बाद ट्रेडिंग में रुझान बढ़ा। 15 से 17 अप्रैल के बीच 3,51,600 रुपये की ठगी की गई। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। साइबर सेल जांच कर रही है।
ओलएक्स पर विज्ञापन देखकर आया और आईफोन लेकर भागा
ओलएक्स पर आईफोन बिक्री का विज्ञापन देखकर आया युवक आईफोन लेकर भाग निकला। पीड़ित ने बुधवार को सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। सिंधोरिया कॉलोनी लहरतारा निवासी पीड़ित यशवर्धन प्रसाद ने पुलिस को बताया कि आईफोन 13 प्रो मैक्स बेचने के लिए ओलएक्स पर विज्ञापन डाला। खरीदने के लिए सुमित तिवारी नाम के एक लड़के ने फोन किया और चंदुआ सट्टी के पास बुलाया। आईफोन उसे दे दिया और वह देखने लगा। इस बीच अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी करने गया तब तक आरोपी आईफोन लेकर भाग निकला। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि सीसी कैमरे की फुटेज और मोबाइल नंबर के आधार पर जांच की जा रही है।
वृद्धा के घर चोरी करने वाले दो आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
नाटी इमली के भरत मिलाप कॉलोनी में वृद्धा बसंती देवी व्यास के मकान में चोरी करने वाले दो आरोपियों को जैतपुरा पुलिस ने बुधवार को 24 घंटे में चौकाघाट के धोबहिया पोखरी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चांदी के मुकुट और अन्य आभूषण बरामद हुए हैं। जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में पड़ाव के रतनुपुर निवासी राजेश उर्फ बोड़े और सिगरा निवासी कमालुद्दीन हैं। पूछताछ में आरोपी राजेश उर्फ बोड़े ने बताया कि वह 8 मई की रात में घर का गेट खोलकर अंदर घुसा था। उस समय वृद्धा कमरे में सो रही थीं। आलमारी में ताला नहीं लगा था और ऊपर रखी चाबी से लॉकर खोलकर आभूषण चोरी कर लिया। बाहर कमालुद्दीन इंतजार कर रहा था। राजेश उर्फ बोड़े पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। 12 मई को बसंती देवी की बहू ने जैतपुरा में चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घर में रखी आलमारी से गणेश भगवान का चांदी का मुकुट, भोग लगाने की चांदी की कटोरी, चांदी की पायल, सोने की नथिया तथा गणेश-लक्ष्मी का सिक्का चोरी हुआ था।