UP News: बहन की शादी से 22 दिन पहले भाई की मौत, सड़क हादसे में गई जान; परिवार में मचा कोहराम
Varanasi News: वाराणसी जिले में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस और जनप्रतिनिधियों के समझाने पर परिजनों ने शव पुलिस को सौंप दिया।
विस्तार
वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के कमौली निवासी 20 वर्षीय युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने गौराकला चौराहे पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया और उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग की। एक घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस और जनप्रतिनिधियों के समझाने पर परिजनों ने शव पुलिस को सौंप दिया। छह अप्रैल को मृतक की बड़ी बहन की शादी है और घर में तैयारियां चल रही थीं।
क्या है पूरा मामला
कमौली निवासी साहिल उर्फ मूसे रविवार दोपहर चौकाघाट से मछली लेकर अपनी दुकान गौराकला जा रहा था। चंद्रा बलुआ मार्ग पर लखरांव पेट्रोल पंप के पास पहुंचा ही था कि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक साहिल अविवाहित था और गौराकला बाजार में मीट की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसकी बड़ी बहन की 6 अप्रैल को शादी तय है और वह शादी की तैयारियों में लगा हुआ था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां अजमेरी सहित पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
इस वजह से नाराज हुए ग्रामीण
घटना के बाद दो घंटे तक चिरईगांव चौकी पुलिस को इसकी जानकारी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बलुआ रोड स्थित गौराकला बाजार चौराहे पर शव रखकर शाम करीब 6 बजे चक्का जाम कर दिया।
थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार सोनकर मौके पर पहुंचे। साथ ही सपा नेता हीरा लाल मौर्य, पूर्व प्रधान भुल्लन यादव, प्रधान राजेश उर्फ राजू, प्रधान रमेश सोनकर और प्रधान चंद्रजीत यादव ने हस्तक्षेप कर परिजनों को समझाया। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।