Chandauli News: प्रति चक्कर पांच हजार रुपये लेकर करते थे पशु तस्करी, चार तस्कर अरेस्ट; तीन वाहन भी जब्त
Chandauli News: चंदौली पुलिस ने नवीन मंडी के पास घेराबंदी कर तीन मैजिक वाहनों से बिहार वध के लिए ले जाए जा रहे छह गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराया। कार्रवाई में चार पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न स्थानों से पशु एकत्र कर बिहार पहुंचाते थे और प्रति चक्कर पांच हजार रुपये कमाते थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: चंदौली जनपद में गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिहार की ओर वध के लिए ले जाए जा रहे छह गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त तीन मैजिक वाहन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग गोवंशीय पशुओं को वाहनों में लादकर बिहार राज्य की ओर ले जा रहे हैं, जहां उन्हें वध के लिए बेचने की तैयारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और नवीन मंडी के समीप मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद एक के पीछे एक आ रहे तीन संदिग्ध मैजिक वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहनों में छह गोवंशीय पशु ठूंसकर ले जाए जाते मिले। पुलिस ने तत्काल पशुओं को मुक्त कराया और मौके से चार लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने की कार्रवाई
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न क्षेत्रों से गोवंशीय पशुओं को एकत्रित कर बिहार पहुंचाते थे। वहां इन पशुओं को वध के लिए बेच दिया जाता था। आरोपियों ने बताया कि इस काम के बदले उन्हें प्रति चक्कर करीब पांच हजार रुपये की रकम मिलती थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सर्वजीत मौर्य निवासी शिवपुर थाना बबुरी जनपद चंदौली, संजय सिंह निवासी फेसुड़ा थाना सैयदराजा जनपद चंदौली, प्रिंस गुप्ता निवासी नेवढ़िया बाजार थाना नेवढ़िया जनपद जौनपुर तथा राम उजागर सिंह निवासी हथेरा थाना नेवढ़िया जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद तीनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। वहीं मुक्त कराए गए गोवंशीय पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।