UP: एक ही साड़ी से मां ने ढाई साल के बच्चे के साथ लगाया फंदा, लाशें देख मची चीख-पुकार; जानें वजह
Chandauli News: महिला और बच्चे की माैत की जानकारी मिलते ही माैके पर कोतवाली की पुलिस पहुंच गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हनुमानपुर में शुक्रवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर के कमरे में 23 वर्षीय महिला और उसके ढाई वर्षीय बेटे की मौत हो गई। घटना की जानकारी उस समय हुई जब महिला का पति बाजार से घर लौटा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, हनुमानपुर निवासी अजय कुमार पटेल अपने माता-पिता, पत्नी प्रिया पटेल (23), ढाई वर्षीय पुत्र युवराज और छोटे भाई के साथ रहते हैं। अजय ने बताया कि उनकी पत्नी कुछ दिन पहले अपने मायके मिर्जापुर जिले के कौमा रसूलपुर गई थी। गुरुवार रात परिजन उसे वापस बुलाकर घर ले आए थे, क्योंकि परिवार के अन्य सदस्य खेती के काम से गांव जाने वाले थे।
बताया गया कि शुक्रवार को अजय के माता-पिता खेती के कार्य से गांव चले गए थे। दिनभर घर में सब कुछ सामान्य था। शाम को अजय बाजार जाने लगा तो उसकी पत्नी ने बेटे युवराज के लिए मैंगो जूस लाने को कहा। रात करीब आठ बजे जब वह जूस लेकर लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
खिड़की से देखा कि पंखे और फंदे के सहारे बच्चे को लेकर झूली हुई है। साड़ी का सिरा युवराज के गले में लिपटा था। साड़ी के एक हिस्से से पत्नी खुद झूली हुई थी। यह देखकर वह घबरा गया और शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही अजय के माता-पिता भी गांव से वापस लौट आए। परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में शोक का माहौल है। फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।