CM in Varanasi: सीएम बोले- भाजपा के एजेंडे में महिला कल्याण प्रमुख, आधी आबादी को न हो दिक्कत; दिए निर्देश
Varanasi News: वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर पीएम ने व्यवस्थाओं और सुरक्षा का जायजा लिया। बरेका मैदान में आयोजित जनसभा को लेकर सीएम ने अफसरों को निर्देशित किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
PM Modi Varanasi Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में मंत्री और अधिकारियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय (28-29 अप्रैल) दौरे को ऐतिहासिक बनाने का मंत्र दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के एजेंडे में महिला कल्याण प्रमुख है। प्रधानमंत्री इस बार महिला शक्ति से सीधा संवाद करेंगे। बरेका में सारी व्यवस्थाएं अच्छी होनी चाहिए। गर्मी और तेज धूप की चुनौती से निपटने के इंतजाम जरूरी हैं ताकि किसी तरह की दिक्कत न आ सके।
मुख्यमंत्री ने बनारसी कचाैड़ी, जलेबी, दही का स्वाद लिया। फिर प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल, अनिल राजभर, विधायक नीलकंठ तिवारी, भाजपा के पूर्व एमएलसी शिवनाथ यादव की मौजूदगी में अधिकारियों के साथ विकास परियोजनाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया, मंडलायुक्त एस राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और डीआईजी वैभव कृष्ण से कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान जनता को दिक्कत न हो ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रूट डायवर्जन की बेहतर व्यवस्था बनाई जाए। बूथ और मंडल स्तर की महिला कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं।
शिलान्यास के तीन साल बाद भगवानपुर एसटीपी का लोकार्पण करेंगे पीएम
दो दिवसीय काशी दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6356 करोड़ की योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 108 शिलान्यास और 47 लोकार्पण शामिल किया गया है। इसमें भगवानपुर एसटीपी का लोकार्पण भी शामिल है। प्रधानमंत्री ने मार्च 2023 में इसका शिलान्यास किया था।
वर्षों से अस्सी नदी के माध्यम से गंगा में प्रवाहित हो रहे प्रदूषित पानी और नक्खा नाला के माध्यम से गिरने वाला सीवेज अब टैप कर लिया गया है। इससे गंगा में सीधे गिरने वाला प्रदूषित पानी रुक गया है। भगवानपुर स्थित 55 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) कार्य करने लगा है। इस परियोजना के माध्यम से नदी में गिर रहे लगभग 33 एमएलडी सीवेज की रोकथाम हुई है। इससे गंगा नदी के प्रदूषण स्तर में कमी आई है, और काशी में गंगा जल की गुणवत्ता में निरंतर सुधार देखा जा रहा है।
अगले दौरे पर पीएम देंगे रोपवे, गंजारी और दालमंडी की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारियों की समीक्षा करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से विकास कार्यों की जानकारी ली। उम्मीद जताई जा रही है अप्रैल के बाद पीएम अपने अगले दौरे में रोपवे, गंजारी और दालमंडी की सौगात देंगे। इन तीनों परियोजनाओं के जुलाई तक पूरा होने की उम्मीद है। सीएम योगी ने भी इन परियोजनाओं को समय से पूरा करने को कहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि अप्रैल के बाद जुलाई या अगस्त में पीएम नरेंद्र मोदी का दौरा हो सकता है। इसी को ध्यान में रखकर जुलाई तक तीन बड़ी परियोजनाओं को पूरा करने को कहा जा रहा है।
गंजारी में 95 फीसदी काम पूरा: 450 करोड़ की लागत से बन रहे गंजारी स्टेडियम का काम लगभग 95 फीसदी पूरा हो गया है। 30.66 एकड़ के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम जुलाई तक बनकर तैयार हो जाएगा।
रोप पुलिंग का काम जल्द होगा शुरू : 809 करोड़ की लागत से रोपवे का निर्माण हो रहा है। कैंट, विद्यापीठ और रथयात्रा स्टेशन बनकर तैयार हैं। रथयात्रा से गोदौलिया के बीच रोप पुलिंग का काम पूरा होगा।
दालमंडी की 650 मीटर सड़क 17.4 मीटर होगी चौड़ी : 215 करोड़ की लागत से दालमंडी की 650 मीटर सड़क का चौड़ीकरण कार्य होना है। 17.4 मीटर सड़क की चौड़ाई हो जाएगी।
पीएम के महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए बूथ स्तर तक उतरी भाजपा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल के काशी आगमन को लेकर भाजपा संगठन और महिला मोर्चा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भारतीय जनता पार्टी की जिला व महानगर इकाइयों ने महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति बनाई है।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक प्रधानमंत्री ने महिलाओं के सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
आठों विधानसभा क्षेत्रों में वरिष्ठ पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी: महिला सम्मेलन में 50 हजार से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले की सभी आठ विधानसभाओं में वरिष्ठ पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या को रोहनिया, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विनिता सिंह को सेवापुरी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अपराजिता सोनकर को अजगरा विधानसभा की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, क्षेत्रीय पदाधिकारियों में पूजा दीक्षित को दक्षिणी, खुशबू सिंह को उत्तरी और निर्मला सिंह पटेल को कैंट विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के अनुसार मंडलों में बैठकों का क्रम पूरा हो चुका है और अब महिला मोर्चा की टीमें बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क कर महिलाओं को सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित करेंगी।

कमेंट
कमेंट X