UP: वाराणसी के सेंट्रल जेल में ई-ऑफिस व्यवस्था लागू, रिहाई के लिए नहीं करना होगा इंतजार; जानें खासियत
Varanasi News: अब अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से दस्तावेजों को तुरंत देख सकेंगे और उन पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और कार्य प्रणाली अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनेगी।
विस्तार
Central Jail Varanasi: वाराणसी की सेंट्रल जेल में प्रशासनिक कार्यों को गति देने के उद्देश्य से ई-ऑफिस व्यवस्था लागू कर दी गई है। इस नई प्रणाली के लागू होने के बाद अब सरकारी पत्राचार, प्रशासनिक आदेश और बंदियों से जुड़े मामलों का निस्तारण पहले की तुलना में अधिक तेज और पारदर्शी तरीके से हो सकेगा।
अब तक जेल प्रशासन को किसी भी सरकारी आदेश, निर्देश या पत्र के लिए पारंपरिक डाक व्यवस्था या कर्मचारियों पर निर्भर रहना पड़ता था। इस प्रक्रिया में कई बार आदेशों के पहुंचने और उस पर कार्रवाई होने में अनावश्यक देरी हो जाती थी। विशेष रूप से बंदियों की रिहाई से जुड़े आदेशों में विलंब होने से परेशानी उत्पन्न होती थी।
ई-ऑफिस प्रणाली लागू होने के बाद अब सभी आवश्यक दस्तावेज और आदेश ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध रहेंगे। अधिकारी एक क्लिक पर संबंधित फाइलों को देख सकेंगे और तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर पाएंगे। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि कार्यप्रणाली भी अधिक प्रभावी बनेगी।
अच्छी पहल
सेंट्रल जेल के अधीक्षक राधा कृष्ण मिश्रा ने बताया कि इस डिजिटल व्यवस्था से रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और दस्तावेजों की निगरानी करना आसान होगा। साथ ही विभिन्न कार्यों की ऑनलाइन ट्रैकिंग भी संभव हो सकेगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली लागू होने से बंदियों से जुड़े मामलों, विशेषकर रिहाई से संबंधित प्रक्रियाओं में तेजी आएगी और समय पर निर्णय लिया जा सकेगा।
जेल प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल कार्यकुशलता बढ़ेगी, बल्कि शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन भी समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जा सकेगा। यह कदम डिजिटल इंडिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जो भविष्य में अन्य जेलों के लिए भी उदाहरण बन सकता है।
