UP News: मासूम को चार दिन से खोज रहे थे परिजन...कुएं में मिली लाश, पुलिस ने जताई यह आशंका; मां हुई बेहोश
Bhadohi News: जिले में लापता मासूम की लाश मिलने की सूचना पाकर औराई कोतवाली की पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों से जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बच्चे के डूबने की आशंका जताई गई है।
विस्तार
UP News: औराई कोतवाली क्षेत्र के घोसिया नगर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां चार दिनों से लापता छह वर्षीय मासूम का शव शनिवार सुबह घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, घोसिया नगर के वार्ड नंबर पांच निवासी नेक मोहम्मद का छह वर्षीय पुत्र राजा बाबू बीते चार दिनों से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे और आसपास के इलाकों में खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। बच्चे के अचानक लापता होने से परिवार बेहद परेशान था। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हुई और डॉग स्क्वॉड की मदद से खोजबीन की गई, लेकिन तब भी कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
परिजनों में मचा कोहराम
शनिवार की सुबह नथुआ के चक भवानी मौजा स्थित नहर के पास खेतों की ओर गए कुछ ग्रामीणों की नजर एक कुएं में उतराए शव पर पड़ी। यह देख उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया।
शव की पहचान होते ही स्पष्ट हो गया कि वह लापता मासूम राजा बाबू का ही है। यह खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजन दहाड़ें मारकर रोने लगे, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत डूबने से होने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि जिस कुएं से शव बरामद हुआ, वह खेत के बीच स्थित है और उसके चारों ओर कोई सुरक्षा घेरा या जगत नहीं बना हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार, राजा बाबू अक्सर पास में लगे जामुन के पेड़ के आसपास खेलता रहता था। आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय ही वह अचानक कुएं में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर खुले और असुरक्षित कुओं की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है।