तेल की किल्लत: पेट्रोल खत्म होने की अफवाह से बढ़ गई 4 गुना खपत, कई जगहों पर स्टॉक खत्म; अफसर बोले- घबराएं नहीं
Varanasi News: अधिकारियों का कहना है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। तेल कंपनियों के साथ समीक्षा के बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।
विस्तार
Varanasi News: शहर में बुधवार की शाम अचानक से पेट्रोल खत्म होने की अफवाहों से पेट्रोल पम्पों पर भीड़ उमड़ पड़ी। लोग अपने बाइक, कार आदि के टैंक फुल कराने लगे। नतीजा यह हुआ कि कई पेट्रोल पम्पों पर शाम होते-होते पेट्रोल ही खत्म हो गया। डर के मारे लोग अपनी गाड़ियों के टैंक फुल कराने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए, जिसके कारण कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति भी पैदा हो गई।
शाम ढलते-ढलते अत्यधिक मांग और अचानक बढ़ी भीड़ के कारण शहर के कई पंपों का स्टॉक समाप्त हो गया। दुर्गाकुंड, संकटमोचन, ट्रामा सेंटर, गुरुधाम और रविन्द्रपुरी जैसे व्यस्त इलाकों में पंप संचालकों को 'पेट्रोल खत्म है' के नोटिस चस्पा करने पड़े। वहीं भेलूपुर, लहरतारा, मैदागिन, पड़ाव और राजघाट स्थित पेट्रोल पंपों पर देर रात तक लोगों की भारी भीड़ जमा रही।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, आम दिनों की तुलना में बुधवार को ईंधन की औसत खपत में चार गुना की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह स्थिति केवल पैनिक बाइंग के कारण उत्पन्न हुई है। अफवाहों के चलते लोग अपनी जरूरत से कहीं अधिक ईंधन भरवाने लगे, जिससे सप्लाई चेन पर अचानक दबाव बढ़ गया।
ईरान-इजरायल युद्ध के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें चल रही हैं। इसके कारण अचानक से पेट्रोल और डीजल की चार गुना खपत बढ़ गई है। वाराणसी में ईंधन की कोई कमी नहीं है। कुछ शरारती तत्वों द्वारा फैलाई गई अफवाहों के कारण भीड़ बढ़ी है। हम जनता से अपील करते हैं कि वे घबराएं नहीं और सामान्य रूप से ही खरीदारी करें। - अमित कुमार मालवीय, एडीएम सप्लाई।
तेल की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल पंपों पर चार दिनों का स्टॉक रहता है। इसे मेटेंन किया जाता है। आम जनता से अपील की कि जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें। - सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी