UP: फर्जी बैंक खाते बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, महिला सरगना और पोस्टमैन समेत छह गिरफ्तार; ऐसे करते थे हेरफेर
ऑपरेशन साइ-वज्र के तहत सिगरा पुलिस और साइबर सेल ने फर्जी बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। महिला सरगना और एक पोस्टमैन समेत छह आरोपी गिरफ्तार किए गए। गिरोह के खातों से देशभर में 21 साइबर ठगी के मामलों में करीब 76.44 लाख की धोखाधड़ी सामने आई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Operation Cy-Vazra: यूपी में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन साइ-वज्र’ के तहत सिगरा थाना पुलिस और साइबर क्राइम सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर ठगों को बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने गिरोह की महिला सरगना, बैंक किट पहुंचाने में मदद करने वाले एक पोस्टमैन समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि इनके जरिए खोले गए बैंक खातों का इस्तेमाल देशभर में 21 साइबर ठगी की घटनाओं में हुआ, जिनमें करीब 76.44 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन, डीसीपी अपराध नीतू काद्यान और एडीसीपी गोमती जोन/साइबर नोडल अधिकारी नृपेन्द्र के पर्यवेक्षण तथा एसीपी चेतगंज के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने 26 जुलाई को महमूरगंज स्थित ओम पब्लिक स्कूल तिराहे से सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरोह गरीब और जरूरतमंद लोगों को पैसों का लालच देकर उनके आधार कार्ड में दर्ज स्थायी पते में हेरफेर करता था। इसके बाद सिगरा क्षेत्र के फर्जी पते के आधार पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए जाते थे। बैंक की ओर से जारी चेकबुक, एटीएम कार्ड और अन्य बैंक किट डाक के जरिए पहुंचने से पहले गिरोह से मिला पोस्टमैन उन्हें अपने कब्जे में ले लेता था। बाद में बैंक किट और खाते से जुड़े मोबाइल सिम को कूरियर के माध्यम से मुख्य साइबर अपराधियों तक भेज दिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुमार, आरती कुमारी, मालती उर्फ माला, उमंग कुमार, जितेंद्र कुमार कन्नौजिया और शोभनाथ शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार खुले और तीन सील्ड चेकबुक, तीन सील्ड एटीएम कार्ड, 11 बैंक पासबुक, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो पैन कार्ड तथा तीन कूटरचित आधार कार्ड बरामद किए हैं।
जांच में पता चला कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल कर्नाटक, राजस्थान, पंजाब, तमिलनाडु, बिहार, हरियाणा, असम और मणिपुर सहित कई राज्यों में साइबर ठगी के लिए किया गया। अब तक 21 शिकायतों में कुल 76,44,476.97 की ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और साइबर ठगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।