आजमगढ़ में दर्दनाक घटना: तीन बच्चों को साड़ी से बांध पोखरी में कूदी महिला, दो की मौत; बेटी ने बचाई अपनी जान
Azamgarh News: जिले में एक महिला दवा लेने की बात कहकर तीन बच्चों को साथ ले गई और उन्हें साड़ी से बांधकर पोखरी में कूद गई। हादसे में उसके डेढ़ और तीन वर्षीय बेटों की डूबने से मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बेटी बंधन तोड़कर बच निकली। महिला का इलाज जारी है। पुलिस पारिवारिक कलह समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र के करछा गांव में रविवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। एक महिला अपने तीन बच्चों को साड़ी से बांधकर पोखरी में कूद गई। हादसे में उसके दो मासूम बेटों की डूबने से मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बेटी किसी तरह बंधन खोलकर बाहर निकल आई और अपनी जान बचा ली। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और परिजनों के अनुसार, जयप्रदा (26), पत्नी बिंदलेश यादव, रविवार सुबह अपने तीनों बच्चों को दवा दिलाने की बात कहकर घर से निकली थीं। वह सरायमीर स्थित वी-मार्ट के पीछे एक पोखरी के पास पहुंचीं। आरोप है कि वहां उन्होंने अपनी साड़ी से तीनों बच्चों को बांधा और फिर पोखरी में छलांग लगा दी। इस दौरान उनकी आठ वर्षीय बेटी मानवी किसी तरह साड़ी का बंधन खोलकर बाहर निकलने में सफल रही।
गांव में छा गया मातम
मानवी करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तब तक राघव (डेढ़ वर्ष) और कृष्ण (तीन वर्ष) की डूबने से मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों की मदद से महिला को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, जयप्रदा मूल रूप से दीदारगंज थाना क्षेत्र के खरसन गांव की रहने वाली हैं। परिजनों ने बताया कि वह करीब 15 दिन पहले अपने तीनों बच्चों के साथ लखनऊ गई थीं, लेकिन रायबरेली से वापस लौट आई थीं। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
सरायमीर के प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला का अस्पताल में उपचार जारी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।