चोरी का खुलासा: 30 लाख का माल, कार, तमंचा और कारतूस बरामद, आरोपी गिरफ्तार; दर्ज हैं 20 मामले
Varanasi News: वाराणसी जिले के रोहनिया में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 20 आपराधिक प्राथमिकी दर्ज हैं।
विस्तार
वाराणसी जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र के गोविंदपुर में चोरी के आरोपी शनि धरिकार को रोहनिया पुलिस ने रविवार की सुबह चौरा माता मंदिर, परमानंदपुर के पास गंगापुर रोड से गिरफ्तार किया। इस दौरान आरोपी के कब्जे से 30 लाख का माल, 8500 रुपये नकदी, घटना में प्रयुक्त कार और .315 बोर का तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के रमदत्तपुर निवासी शनि धरिकार के खिलाफ विभिन्न थानों में 20 आपराधिक प्राथमिकी दर्ज हैं।
क्या है पूरा मामला
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि गोविंदपुर निवासी मनोज कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ 21 मार्च को विंध्याचल दर्शन को गए थे। देर रात जब घर लौटे तो मकान में चोरी हो चुकी थी। आलमारी काटकर सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान की चोरी हुई थी। इस बीच रोहनिया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
मनोज गुप्ता के घर के आसपास समेत उस मार्ग के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। क्षेत्र के संदिग्धों से पूछताछ की गई। 80 से अधिक फुटेज खंगालने के बाद लालपुर-पांडेयपुर के रमदत्तपुर निवासी शनि धरिकार की पहचान हुई। एडीसीपी नीतू ने बताया कि रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह की टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
इसे भी पढ़ें; UP News: गैस की किल्लत के बीच बड़ा खुलासा, बंद पेट्रोल पंप की बिल्डिंग से 230 से ज्यादा कमर्शियल सिलिंडर बरामद
जेल में गया साथी, नहीं बांट पाए चोरी की रकम
शनि ने पूछताछ में बताया कि इसी दौरान मेरा एक साथी थाना लंका के किसी मामले में जेल चला गया, जिस कारण चोरी के आभूषण का पैसा हम लोग आपस में बांट नहीं पाए थे। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि मोहनिया स्थित ज्वेलर्स की दुकान पर सराफ से पूछताछ की गई। दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा गया। ज्वेलर ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि एक परिचित ने अपने साथियों के साथ खुद का आभूषण बताकर विश्वास में लेकर बेच दिया। पुलिस ने सराफ से आभूषण बरामद कर लिया। आरोपी और उसके साथी मोहल्लों में रेकी करते थे और फिर ताला बंद मकानों को चिह्नित कर रात में वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के आभूषण को बिहार और दूसरे जिलों में जाकर बेचते थे। गिरफ्तारी टीम में एसआई अमीर बहादुर सिंह, एसआई सुशील कुमार सिंह, एसआई पवन कुमार, एसआई दिनेश सिंह आदि शामिल रहे।