माघ पूर्णिमा: संत रविदास जयंती...पलट प्रवाह से काशी ठसाठस, इन मार्गों पर नहीं जाएंगी VVIP गाड़ियां; अलर्ट
Varanasi News: वाराणसी में मैदागिन-गोदौलिया मार्ग पर वीवीआईपी समेत हर प्रकार की गाड़ियां प्रतिबंधित रहेंगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की टुकड़ियां जगह-जगह तैनात रहेंगी। रविदास जयंती में इस बार लगभग तीन लाख से ज्यादा और माघ मेला पर लगभग पांच लाख की भीड़ का अनुमान आने का अनुमान लगाया गया है।
विस्तार
Magh Purnima: माघ पूर्णिमा स्नान, संत रविदास जयंती और माघ मेले के स्नान के बाद पलट प्रवाह से शनिवार की देर शाम से ही काशी ठसाठस है। रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ को थामना कमिश्नरेट पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। लगभग आठ लाख की भीड़ काशी में है।
सबसे अधिक यातायात दबाव गंगा की ओर आवाजाही करने वाले मार्गों पर है। मैदागिन-गोदौलिया मार्ग पर वीवीआईपी, वीआईपी समेत हर प्रकार की गाड़ियों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। मैदागिन से लंका सीरगोवर्धन तक निकलने वाली जुलूस को लेकर भी पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं।
सीरगोवर्धन स्थित संत रविदास जयंती में लगभग तीन लाख से अधिक भीड़ और माघ मेला पर लगभग पांच लाख की भीड़ का अनुमान है। इसमें पलट प्रवाह भी शामिल है। शनिवार से सोमवार तक काशी में भीड़ ठसाठस रहने वाली है।
काशी में भारी भीड़
रविवार की शाम तक कुंभ से काशी लौटने वालों की भीड़ सबसे अधिक होगी। यह भीड़ सिर्फ काशी विश्वनाथ और गंगा आरती देखने वालों की होगी। इसमें दुनिया भर से आए रैदासियों की भीड़ भी शामिल है। संत रविदास जयंती समाप्ति के बाद भीड़ गंगा घाटों की ओर जाएगी। ऐसे में काशी जोन की पुलिस ने विशेष सतर्कता और यातायात व्यवस्था दुरूस्त रखने को लेकर निर्देशित किया है।
कमिश्नरेट पुलिस अधिकारियों ने सुबह से लेकर रात तक श्रीकाशी विश्वनाथ धाम, गंगा घाटों की ओर जाने वाले मार्गों और लंका से सीरगोवर्धन में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का हाल जाना। कंट्रोल रूम से निगरानी हो रही है। मैदागिन से गोदौलिया, गोदौलिया-दशाश्वमेध मार्ग और गोदौलिया चौराहा जाने वाले सभी मार्गों के दो किमी तक के दायरे में नो पार्किंग और नो व्हीकल जोन किया गया है। किसी भी दशा में गोदौलिया की तरफ वाहन आवाजाही नहीं कर सकेंगे।
सोनारपुरा से ही बैरिकेडिंग करते हुए जंगमबाड़ी, गोदौलिया की ओर वाहन नहीं आएंगे। इधर, दबाव बढ़ने पर रेवड़ी तालाब से रामापुरा की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग करके वाहनों को रोका जाएगा। गुरुबाग से लक्सा की ओर भी वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। यातायात दबाव बढ़ा तो लहुराबीर चौराहे से मैदागिन और बेनिया की तरफ चार पहिया वाहनों को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। बाहरी नंबर की गाड़ियों को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पास ही बैरिकेडिंग करके रोका जाएगा।
नो व्हीकल जोन बना सीरगोवर्धन का मेला क्षेत्र
संत रविदास जयंती पर बीएचयू छित्तूपुर तिराहे से रविदास मंदिर, लौटूबीर मंदिर मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहनों की आवाजाही होगी। मेला क्षेत्र को नो व्हीकल जोन बनाया गया है। यातायात पुलिस के अनुसार 31 जनवरी की सुबह 8 बजे से एक फरवरी की रात 12 बजे तक मेला क्षेत्र में चार पहिया वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। भगवानपुर मोड़ से किसी भी वाहन को संत रविदास मंदिर नहीं जाने दिया जाएगा।
रमना चौकी तिराहा से संत रविदास मंदिर तिराहा की वाहन नहीं जाएंगे। संत रविदास तिराहा से संत रविदास मंदिर की तरफ किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। मारुति नगर तिराहा से किसी भी वाहन को भगवानपुर (संत सरवनदास यात्री निवास) की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। लौटूबीर अंडरपास चौराहा से कार्यक्रम संबंधित वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों को रविदास मंदिर की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।
सामनेघाट पुल पर भी बढ़ेगा दबाव, नहीं जाएंगे वाहन
लंका क्षेत्र में डायवर्जन के चलते रामनगर-सामनेघाट पुल पर भी यातायात दबाव बढ़ेगा। रामनगर चौराहा से शहर जाने वाले वाहनों को सामनेघाट पुल की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को रामनगर चौराहा से टेंगरा मोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। सामनेघाट पुल पश्चिमी से सभी प्रकार के वाहनों को नगवा चौकी की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। रविदास गेट से किसी भी प्रकार के वाहन को थाना लंका, नगवा चौकी की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को मालवीय गेट की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
गंगा में छोटी नावें प्रतिबंधित
एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी. ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। नाविकों को भी कड़ी हिदायत दी गई है कि क्षमता के अनुसार ही यात्री बैठाएं। बिना लाइफ जैकेट बचाव उपकरण के नौका का संचालन न करें। छोटी नावें प्रतिबंधित की गई है। मोटरबोट संचालक यह तय करें कि चालक नशे में न हो। नशे की हालत में किसी भी यात्री को सवार न करें। नियम का उल्लंघन पाए जाने पर बोट मालिक समेत चालक के खिलाफ विधिक कार्यवाही होगी।
