Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...दो लोगों की मौत, पटरी से उतरी मैसूर एक्सप्रेस की दो बोगियां; खबरें
Varanasi News: वाराणसी में मिर्जामुराद और चोलापुर थाना क्षेत्र में हुए विभिन्न हादसों में महिला समेत दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, कैंट रेलवे स्टेशन पर यार्ड में ले जाते समय मैसूर एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर नेशनल हाईवे ओवरब्रिज पर शनिवार दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। मृतक की पहचान राजन बिंद (28) निवासी करसड़ा कछवा बाजार मिर्जापुर के रूप में हुई। हादसे के बाद वाहन समेत चालक भाग निकला। राजन बिंद बनारस स्टेशन के पास मजदूरी करता था और काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था।
रूपापुर के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक समेत वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस राजन को लेकर पास के ही एक निजी अस्पताल पहुंची। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि राजन की शादी आठ महीने पहले जौनपुर निवासी रंजना देवी से हुई थी। वह दो भाइयों में छोटा था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वाहन की तलाश के लिए हाईवे पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
महिला की सड़क दुर्घटना में मौत
चोलापुर के गोला गांव के पास आजमगढ़ फोरलेन पर शुक्रवार देर रात अज्ञात महिला की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतका की उम्र 50 वर्ष आंकी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहनों के गुजरने से शव क्षत-विक्षत हो गया था। पुलिस ने शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। हादसे से पहले उक्त महिला को सड़क किनारे चाय की दुकान पर देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि महिला दुर्घटना का शिकार हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रहा है।
यौन शोषण के आरोपी को आठ साल की सजा, एक अन्य मामले में अभियुक्त को पांच साल की सजा
विशेष न्यायाधीश नितिन पांडेय की अदालत ने अपहरण, यौन शोषण के आरोपी अब्दुल रहमान उर्फ गुड्डु निवासी सरैया फूलपुर को आठ साल की सजा और 20 हजार जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा न करने पर हर धारा में एक-एक वर्ष का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा। आरोपी के खिलाफ साल 2016 में अपहरण, यौन शोषण और दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज थी।
इस मामले में सह-अभियुक्त यूनुस अंसारी को अदालत ने साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया। वहीं, कैंट थाना क्षेत्र के पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में आरोपी जितेंद्र सोनकर निवासी वरुणा पुल पर पांच साल की सजा और दस हजार का जुर्माना लगाया। अर्थदंड न अदा करने की स्थिति में अभियुक्त को 45 दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
कैंट रेलवे स्टेशन पर पटरी से उतरी मैसूर एक्सप्रेस की दो बोगियां
कैंट रेलवे स्टेशन पर शनिवार को दिन में यार्ड में ले जाते समय मैसूर एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं। ट्रेन में यात्री नहीं थे। सूचना पाकर मौके पर आरपीएफ इंस्पेक्टर सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। करीब दो घंटे बाद किसी तरह दोनों बोगियों को पटरी पर लाया जा सका।
मैसूर से वाराणसी तक चलने वाली 22687/22688 नंबर की मैसूर एक्सप्रेस के मैसूर से वाराणसी आने के बाद उसको प्लेटफॉर्म नंबर 9-10 के बगल वाली लाइन से लोहता लाइन की ओर बने यार्ड में ले जाया जा रहा था। इसी बीच पीछे की दो बोगियां पटरी से डिरेल हो गईं। तकनीकी टीम और अन्य अधिकारी पहुंचे। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव भी अपने जवानों को लेकर मौके पर पहुंचे। इधर तकनीकी टीम के साथ ही अन्य टीम के सदस्य बोगियों को पटरी पर लाने के प्रयास में जुट गए। करीब दो घंटे बाद कर्मचारियों को कामयाबी मिल सकी।
मोबाइल छीनने का विरोध करने पर मिलकर मारा, तीन घायल
थाना लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र में हुकुलगंज के राधा कटरा गली में मोबाइल छीनने का विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की। हुकुलगंज निवासी पीड़ित किशन साहनी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, हिमांशु ने छोटे भाई अनिल साहनी का मोबाइल छीन लिया। इस बात की सूचना पुलिस को दी गई तो हिमांशु भाग गया। कुछ देर बाद हिमांशु, छम्कन, विनय और 25 साथियों के साथ आया।
अनिल साहनी, सुनील साहनी व सुमित साहनी को पकड़ लिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड, धारदार हथियार और पंच से हमला किया। अनिल साहनी को छत से नीचे फेंक दिया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम लगी है।
गोरखपुर पैसेंजर 15 फरवरी तक निरस्त
पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से वाराणसी सिटी से गोरखपुर कैंट जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को 15 फरवरी तक निरस्त कर दिया गया है। वाराणसी में जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा परिचालनिक कठिनाइयों की वजह से गोरखपुर कैंट से वाराणसी सिटी तक चलने वाली पैसेंजर ट्रेन 15129 को 2 से 16 फरवरी तक निरस्त किया गया है। इसके अलावा वाराणसी सिटी से गोरखपुर तक जाने वाली 15130 नंबर ट्रेन 1 से 15 फरवरी तक निरस्त रहेगी।
रंजिश में युवक पर हमला, दो के खिलाफ प्राथमिकी
चौबेपुर के शिवदशा बड़ापुरा गांव में रंजिश को लेकर एक युवक पर हमला हुआ। पीड़ित ने दो हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को तहरीर में सुशील कुमार सिंह ने बताया कि 28 जनवरी की शाम छह बजे वह ड्यूटी से घर लौटे तो देखा कि परिवार के लोगों से विवाद हो रहा है। रोकने के दौरान आरोपी उदय नारायण सिंह और दुलटन सिंह ने लाठी से हमला कर दिया। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
स्कॉर्पियो से बरामद शराब में दो आरोपियों की हुई पहचान
बड़ागांव के कनियर गांव में एक संपर्क मार्ग पर शुक्रवार शाम मिली शराब के मामले में दो आरोपियों की पहचान हुई है। कार्रवाई के दौरान मिले मोबाइल फोन के आधार पर नीलेश यादव और शिवशंकर उर्फ बाबू सेठ की पहचान की गई और दोनों की तलाश में जुट गई है। थाना प्रभारी बड़ागांव प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि नीलेश कुंभापुर गांव और बाबू बड़ागांव बाजार का रहने वाला है। दोनों पर के कई थानों में शराब तस्करी सहित अन्य मामले दर्ज हैं।
चिट फंड रजिस्ट्रार ने खादी ग्रामोद्योग आयोग को भेजा दोबारा नोटिस
जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक निबंधक, फर्म सोसाइटी और चिट्स अनुप मिश्रा ने खादी ग्रामोद्योग आयोग के उप निदेशक को पुनः नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया कि नित्यानंद राय की शिकायत के संबंध में 15 दिनों में ठोस साक्ष्य सहित लिखित जवाब निबंधक कार्यालय में पेश किया जाए।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि खादी ग्रामोद्योग आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय, वाराणसी के अधिकारी और कर्मचारी बंदोबस्ती नाला, बंजर व अन्य विवादित भूमि पर अवैध निर्माण करा रहे हैं। अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि खादी ग्रामोद्योग आयोग की ओर से कराए गए बैनामे सोसाइटी रजिस्ट्रेशन एक्ट की धारा 5-क के तहत शून्य है, क्योंकि इस धारा के अनुसार बैनामे के लिए जिला जज की अनुमति जरूरी है, जो नहीं ली गई।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल 3 फरवरी को आएंगे
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल 3 फरवरी को वाराणसी आएंगे। सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा विश्वकर्मा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल लखनऊ से सड़क मार्ग से दोपहर वाराणसी पहुंचेगे। सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात के बाद शाम 4 बजे सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव के लोहता स्थित ग्राम भट्टी निजी आवास पहुंचेंगे। सपा जिलाध्यक्ष की बेटी का विवाह 5 फरवरी को है।
लिट फेस्ट... जयपुर घराने की कंचन ने कथक में दिखाई शिव की शांत और रौद्र मुद्रा
बनारस लिट फेस्ट में जयपुर घराने की प्रतिष्ठित कलाकार कंचन नेगी ने कथक नृत्य शिव की शांत और रौद्र मुद्राएं दिखाईं। शिव स्तुति पर कथक नृत्य किया। पैबंद की थाप के साथ चेहरे के हावभाव भी महादेव को समर्पित थे। नृत्य की शुरुआत मृदु लय में शिव की शांत मुद्रा से की जो आगे चलकर लयबद्ध पदचाप के साथ तीव्र ताल और तांडव का रूप ले लिया। सरोद और पखावज की थाप, नृत्यांगना के पदचाप और आंखें एक साथ शिव तांडव के लोक में यात्रा कराने लगीं। काशी के आराध्य की स्तुति का एक सजीव चित्रण प्रस्तुत कर दिया।
शिक्षा को कौशल आधारित प्रशिक्षण से जोड़ने की जरूरत
बीएचयू समन्वित ग्रामीण विकास केंद्र में शनिवार को स्वीडन के यूनिवर्सिटी ऑफ गोथेनबर्ग के विद्वानों ने यूरोप में उच्च शिक्षा के अवसर पर चर्चा की। यूरोपीय विद्वानों में प्रो. एके सैंडर, प्रो. सैली बॉयड सैंडर ने यूरोपीय शिक्षा प्रणाली, छात्रवृत्ति, अकादमिक सहयोग के बारे में बताया। केंद्र के समन्वयक डॉ. आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि शिक्षा को कौशल आधारित प्रशिक्षण से जोड़ने की जरूरत है। केंद्र की ओर से ग्रामीण विकास, कौशल प्रशिक्षण तथा अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में ऐसे आयोजन समय-समय पर करा जाते हैं। संचालन आकाश पात्रा और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. भूपेंद्र प्रताप ने किया।
दिव्यांग छात्रों को मिलेगी उच्च शिक्षा और पुनर्वास की सुविधा
दिव्यांगजनों को उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर करने और उन्हें रोजगारपरक बनाने के लिए विकास भवन सभागार में शनिवार को बैठक हुई। दिव्यांगजनों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों पर चर्चा की गई। समस्याओं के निवारण के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। दिव्यांगजनों के अर्ली इंटरवेंशन प्रोग्राम व दिव्यांग बच्चों की आयु ज्यादा होने के कारण यू-डायस पोर्टल पर कक्षा में प्रवेश को लेकर उत्पन्न हो रही कठिनाइयों पर भी विचार हुआ।
डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय का एक क्षेत्रीय केंद्र (रीजनल सेंटर) खोले जाने की मांग की। अध्यक्षता कर रहे डॉ. मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ के कुलपति प्रो. संजय सिंह ने कहा कि रीजनल सेंटर खुलने से पूर्वांचल में दिव्यांग छात्रों को उच्च शिक्षा और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।
प्राथमिक विद्यालय शिहोरवा में नहीं मिली कोई कमी
बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने शनिवार को आराजीलाइन विकास खंड स्थित प्राथमिक विद्यालय शिहोरवा का निरीक्षण किया। बीएसए ने बताया कि उनके कार्यकाल में यह पहला विद्यालय रहा जहां निरीक्षण में कोई खामी नहीं मिली। यहां की साफ-सफाई और हरियाली सराहनीय है। बीएसए ने बताया कि वह विद्यालय में पठन-पाठन के समय पहुंचे। इस दौरान सभी बच्चे अपनी कक्षा में पढ़ते मिले। विद्यालय में चारों ओर हरियाली देखने मिली। खेलकूद की व्यवस्था सही रही और ओपन जिम भी ठीक मिला। उन्होंने बताया कि उनकी मौजूदगी में ही कुछ अभिभावक भी विद्यालय पहुंचे। उन लोगों से बातचीत में बताया कि विद्यालय में सफाई इसलिए है क्योंकि यहां तैनात शिक्षक खुद ही सफाई करते हैं। स्मार्ट क्लास की व्यवस्थाएं भी ठीक मिलीं।
बार काउंसिल ऑफ यूपी चुनाव के लिए बनारस में 75 फीसदी पड़े वोट
बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चुनाव के दूसरे दिन 3717 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि पहले दिन 30 जनवरी को 3804 मत पड़े थे। दो दिन में 7521 मत डाले गए। कचहरी में कुल मतदाताओं की संख्या 9892 है। वोटिंग 75 प्रतिशत रही। कचहरी परिसर के चारों ओर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल की तैनाती के साथ ही सभी प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग की गई। किसी भी अव्यवस्था से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल में सदस्य पद के लिए अकेले बनारस से 13 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। श्रीनाथ त्रिपाठी, हरिशंकर सिंह, विनोद पाण्डेय, अरुण त्रिपाठी, राजेश मिश्रा, सुनील कुमार सिंह, जैकी शुक्ला, देवेंद्र परमार समेत अन्य प्रत्याशी शामिल हैं। अंतिम चरण का मतदान संपन्न होने के बाद अब मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बीएचयू में सृष्टि में दिखेगा कला, साहित्य, संस्कृति का संगम
बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान में चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव सृष्टि 2026 का शनिवार से शुभारंभ हुआ। इसमें कला, साहित्य, संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा। महोत्सव में कुल 47 कार्यक्रम कराए जाएंगे। आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने शैक्षणिक क्रियाकलापों के साथ ही इस तरह के कार्यक्रमों को जरूरी बताया। संस्थान में हुए कार्यक्रम में छात्र सलाहकार प्रो. अमिताभ रक्षित ने कहा कि सृष्टि केवल मनोरंजन का मंच नहीं है।
यह विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रेरित करने, चुनौती देने और उसे पोषित करने का अवसर है। अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. सुधाशु सिंह ने कहा कि सृष्टि अब नवोन्मेषकों, प्रबंधन विशेषज्ञों, उद्योगपतियों, नीति-निर्माताओं और एग्रीप्रेन्योरों की उभरती हुई प्रयोगशाला बन रही है। मंच पर, पर्दे के पीछे या उत्साहपूर्ण भागीदारी के माध्यम से प्राप्त अनुभव भविष्य के नेतृत्व और रचनात्मकता के बीज बोते हैं। कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. यूपी सिंह ने संस्थान की उपलब्धियां बताई। समापन बीएससी कृषि छात्रा अमीषा ने किया।
बायोमेट्रिक हाजिरी हुई अनिवार्य तो 13 फीसदी घट गई छात्रवृत्ति के आवेदनों की संख्या
सरकार की ओर से मिलने वाली छात्रवृत्ति के लिए इस साल 3 फीसदी आवेदन कम हुए हैं। ऐसा बायोमेट्रिक हाजिरी के अनिवार्य होने के कारण हुआ है। इसके चलते कई छात्र आवेदन नहीं कर सके। कई छात्रों के आवेदन को विद्यालय स्तर से खारिज कर दिया गया। समाज कल्याण विभाग के अनुसार इस बार छात्रवृत्ति के लिए सामान्य श्रेणी के छात्रों के लिए आवेदन बंद हो गए हैं।
एससी श्रेणी के छात्र अभी 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। विद्यालय स्तर पर सामान्य श्रेणी के 22400 में से 19526 छात्रों ने ही आवेदन किया। एससी के 14943 छात्रों ने आवेदन किया है। विद्यालय स्तर से इन छात्रों के आवेदन विभाग को फॉरवर्ड कर दिए गए हैं। हालांकि एससी छात्रों के लिए अभी 31 मार्च तक आवेदन का मौका है। अधिकारियों के अनुसार बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य होने के कारण इस बार करीब 13 फीसदी आवेदन कम आए हैं।
नित्यानंद त्रयोदशी पर हुआ अभिषेक व भजन कीर्तन
संकीर्तन आंदोलन के प्रचारक व अनन्य भक्त स्वामी नित्यानंद के प्राकट्य पर शनिवार को इस्कॉन मंदिर दुर्गाकुंड में नित्यानंद त्रयोदशी महोत्सव मनाया गया। अभिषेक, कीर्तन, कथा से उनको नमन किया। उनके जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका की भी प्रस्तुति हुई। मंदिर प्रबंधन अध्यक्ष अच्युत मोहन दास ने कहा कि स्वामी नित्यानंद कृष्ण-बलराम के बलराम गुरु तत्व का प्रतिनिधित्व करते हैं। 14वीं शताब्दी में पश्चिम बंगाल में जन्मे नित्यानंद समकालीन चैतन्य महाप्रभु के साथ संकीर्तन आंदोलन को विस्तार दिया। कार्यक्रम में साक्षी मुरारी प्रभु, रसिक गोविंद दास, राम केशव दास, मुरारी गुप्त दास ने अभिषेक किया।
काशी विद्यापीठ की टली यूजी, पीजी की परीक्षाएं 13 तक होंगी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 28 और 29 जनवरी को होने वाली जिन परीक्षाओं को टाला गया था उनकी नई तिथि जारी कर दी गई हैं। 3 फरवरी से 13 फरवरी तक अलग-अलग तिथियों में परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि बीएससी टेक्सटाइल्स एंड हैंडलूम साइंस प्रथम सेमेस्टर के चतुर्थ प्रश्नपत्र (अंग्रेजी) की परीक्षा 3 फरवरी को सुबह 10 से 12 बजे तक होगी।
एमएससी प्रथम सेमेस्टर, पीजी डिप्लोमा इन रिमोट सेंसिंग प्रथम सेमेस्टर, एमएफए तृतीय सेमेस्टर प्रथम प्रश्नपत्र सौन्दर्य शास्त्र एवं कला के सिद्वान्त परीक्षा 5 फरवरी को दोपहर 2 से 4 बजे तक होगी। बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की 28 जनवरी की परीक्षा 12 फरवरी, बीकॉम (रोम), बीबीए, एमकॉम प्रथम सेमेस्टर की 29 जनवरी वाली परीक्षा 13 फरवरी को कराई जाएगी। इस बारे में विस्तृत जानकारी वेबसाइट से ली जा सकती है।
आपणो राजस्थान में दिखी राजस्थानी सांस्कृतिक की झलक
माहेश्वरी परिषद की ओर से समाज को आपसी मेल-मिलाप और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित पिकनिक आपणो राजस्थान का आयोजन सनबीम सनसिटी में मनाया गया। इसमें 350 से ज्यादा लोगों ने सहभागिता की। वृद्धजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, युवतियां, युवा और नन्हे-मुन्ने बच्चे शामिल हुए। जो राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा में थे। उन्होंने चिरमी, गट्टा, पिट्टू, दड़ी, कंचा जैसे पारंपरिक राजस्थानी खेलों के साथ ऊंट की सवारी आकर्षण का केंद्र थी। स्वागत किशोर मूंदड़ा, संचालन कृष्णा सोमानी और अनिल झावर तथा धन्यवाद ज्ञापन राकेश दरक ने किया। मौके पर नंदकिशोर झवर, कृष्णा सोमानी, निलेश लड्ढा, ज्योति मारू, गौरव राठी, शुभम पेड़ीवाल, हिना चांडक रहीं।
सोने के बिस्किट के लालच में युवक से दो लाख ठगे
मिर्जामुराद क्षेत्र के डंगहरिया गांव निवासी नीरज पटेल के साथ दो लाख की ठगी हो गई। आरोप है कि ठग ने 18 कैरेट सोने के बिस्किट का झांसा देकर दो लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित के अनुसार, दिसंबर में उसके मोबाइल पर एक अज्ञात का फोन आया। कॉलर ने पैसों की जरूरत बताकर दो लाख के बदले 18 कैरेट सोने का बिस्किट का लालच दिया।
बातों में आकर नीरज मिर्जापुर के माधोपुर पहुंचा। आरोपी ने दो लाख रुपये लेकर एक वजनदार बिस्किट सौंपा और उसकी कीमत करोड़ों में होने का दावा किया। नीरज बिना किसी को बताए उसे घर ले आया। कुछ दिन बाद जब वह बिस्किट एक ज्वैलर्स को दिखाने गया तो जांच में सामने आया कि वह नकली है और उस पर केवल सोने की परत चढ़ी हुई है। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने फोन करने वाले नंबर पर संपर्क किया, लेकिन वह बंद मिला। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है।
42 केंद्रों पर होगी कनिष्ठ सहायक भर्ती परीक्षा, 19704 अभ्यर्थी देंगे पेपर
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) लखनऊ की ओर से कनिष्ठ सहायक भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा रविवार को कराई जाएगी। जिले में 42 केंद्र बनाए गए हैं जहां 19704 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में परीक्षा कराई जाएगी।
इलेक्ट्राॅनिक डिवाइस के साथ केंद्र पर आना प्रतिबंधित किया गया है। परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना है। देर से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी हाल में केंद्र के अंदर जाने को नहीं मिलेगा।
एडीएम प्रशासन आलोक वर्मा ने बताया कि परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से 42 सेक्टर और 42 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस व महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ दो-दो पुलिस आर्म्स गार्ड्स तैनात किए हैं।
आईआईटी बीएचयू में नए सत्र के पीएचडी छात्रों का ओरिएंटेशन
आईआईटी बीएचयू में 2025-26 सत्र में दाखिला पाए पीएचडी छात्रों का ओरिएंटेशन और इंडक्शन कार्यक्रम किया गया। शनिवार को गोपाल त्रिपाठी सभागार में स्टूडेंट काउंसलिंग सर्विसेज ने एकेडमिक स्थिति, रिसर्च इकोसिस्टम, संस्थागत नीतियों और स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर्स की सेवाओं के बारे में बताया। निदेशक, अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, कुलसचिव और उपकुलसचिव ने संवाद किया। निदेशक प्रो. अमित पात्रा पीएचडी शोधार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि मौलिक अनुसंधान, शोध की सामाजिक प्रासंगिकता का ध्यान रखना होगा। छात्रों को आईआईटी के शैक्षणिक और अनुसंधान परिवेश से परिचित कराया।
सेना में धर्मगुरु बनने की पढ़ाई शुरू ऑनलाइन चल रही हैं सभी कक्षाएं
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से सेना में धर्म गुरु बनने की पढ़ाई शुरू हो गई है। यह डिप्लोमा कोर्स है। इसे कर्मकांड विषय से जोड़ा गया है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। कोर्स के तहत धर्मगुरु बनने के लिए जरूरी प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। अगर सेना में नियुक्ति होती है तो, उससे पहले ही दिनचर्या की जानकारी दी जा रही है। इसी तरह मंदिर प्रबंधन के बारे में विद्यार्थी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कर सकेंगे।
सेना में धर्मगुरु की दिनचर्या, पूजन पद्धति, रक्षा सूत्र बांधने के बारे में भी प्रशिक्षित किया जाता है। विश्वविद्यालय परिसर में बने ऑनलाइन संस्कृत प्रशिक्षण केंद्र के तहत ज्योतिष, वास्तुशास्त्र, कर्मकांड, भारतीय दर्शन, योग सहित 10 कोर्स चलाए जा रहे हैं। इनमें तीन महीने, छह महीने के सर्टिफिकेट और एक साल के डिप्लोमा कोर्स शामिल हैं। प्रवेश से परीक्षा तक की प्रक्रिया ऑनलाइन है। ऑनलाइन संस्कृत प्रशिक्षण केंद्र के उप निदेशक डॉ. मधुसूदन मिश्र ने बताया कि तीन और छह महीने के सर्टिफिकेट कोर्स चलाए जा रहे हैं। डिप्लोमा कोर्स एक साल का है।
कोहरा लौटा, दृश्यता सिर्फ 50 मीटर
ठिठुरन के बाद काशी में कोहरे की भी वापसी हो गई। शनिवार की तड़के सुबह कई जगह दृश्यता 50 मीटर से कम रही तो कहीं पर 20 मीटर भी आगे नहीं दिखा। हालांकि आठ बजे के बाद कोहरा तेजी से छंटने लगा और अच्छी धूप खिल गई। जिले में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री नीचे 8.1 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, फरवरी के सामान्य से ज्यादा तापमान रहने से शीतलहर में कमी की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 67 फीसदी कम बारिश हुई।
65 छात्राओं ने सीखीं आत्मरक्षा की तकनीक
बढ़ैनी स्थित यूपी अकादमी में अपराजिता कार्यक्रम के तहत 65 से ज्यादा लड़कियों ने आत्मरक्षा का गुर सीखा। मानव अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की सीनियर प्रशिक्षक सेंसेई ज्योति सिंह के नेतृत्व में छात्राओं को कराटे के बेसिक किक पंच ब्लॉक का अभ्यास कराया गया।
मानव अकादमी के ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षकों कशिश पटेल, स्नेहलता सिंह, खुशबू मौर्या, कृतिका पटेल आदि ने छात्राओं से विपरीत परिस्थितियों में मानव शरीर के कमजोर भाग पर प्रहार करके खुद को बचाने की तकनीकी का अभ्यास कराया। ज्योति सिंह ने बताया मार्शल आर्ट्स हमें शारीरिक ही नही मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है। स्कूल के डायरेक्टर उदय प्रताप प्रधान ने कहा कि लड़कियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए मार्शल आर्ट्स जरूरी है। मैनेजर उपेंद्र प्रधान ने इस अभियान की सराहना की और धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर स्कूल के राज चौहान, प्रियंका यादव, मनोज केशरी, ऋचा शर्मा, हिना बानो, अर्चना यादव, उर्मिला चौबे, किरण यादव उपस्थित रहीं।
राष्ट्रीय संवाद पर डीएवी को मिले 200 शोध पत्र
बीएचयू के डीएवी पीजी कॉलेज को पंच परिवर्तन और भविष्य के भारत विषय पर सभी राज्यों से 200 से ज्यादा शोध पत्र प्राप्त हुए। इसी विषय पर दो और तीन फरवरी को दो दिन की राष्ट्रीय संगोष्ठी होगी। फरवरी में डीएवी के कई युवा आधारित कार्यक्रम होंगे। अंग्रेजी विभाग की ओर से दो फरवरी से 9 फरवरी तक नक्षत्र लिटरेचर फेस्टिवल मनाया जाएगा।
छात्र मंच लौरिएट की ओर से 13, 14 और 16 फरवरी को युवा महोत्सव उड़ान का रंगारंग होगा। शनिवार को कॉलेज परिसर में हुई पत्रकार वार्ता में ये जानकारी कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल ने दी।
प्रो. मिश्रीलाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर सभी राज्यों से 200 से ज्यादा प्रतिभागियाें के शोध पत्र मिले हैं जिन्हें दो दिनों में पढ़ा जाएगा। शुभारंभ प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय समन्वयक जे नंदकुमार मुख्य अतिथि और अध्यक्षता दक्षिण एशिया विवि, नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. केके अग्रवाल करेंगे। कॉलेज के स्व. पीएन सिंह यादव स्मृति सभागार में ये कार्यक्रम होगा। उपप्राचार्य द्वय प्रो. संगीता जैन, प्रो. राहुल, डॉ. पारूल, डॉ. तरू रहीं।
