काशी में पीएम: नगर निगम सदन भवन की आधारशिला रखेंगे पीएम मोदी, 15 महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य
Varanasi News: वाराणसी नगर निगम सदन भवन की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रखेंगे। करीब 97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक भवन का निर्माण 15 महीने में पूरा होगा।
विस्तार
आगामी काशी दौरे पर नगर निगम सदन भवन की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों रखने की तैयारी है। इसके लिए नगर निगम ने प्रक्रिया तेज कर दी है। निगम मुख्यालय का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने वाला है। सिगरा स्थित मुख्यालय परिसर में जर्जर हो चुके पुराने भवनों को ध्वस्त कर यहां भव्य और हाईटेक नगर निगम सदन भवन का निर्माण किया जाएगा।
करीब 97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक भवन का मॉडल विशेष रूप से काशी और गंगा की थीम पर आधारित है। इसकी बाहरी बनावट शिवलिंग की आकृति जैसी नजर आएगी। वर्तमान में इसे जी-प्लस फोर (चार मंजिला) स्तर पर निर्मित किया जा रहा है, जिसका कुल निर्मित क्षेत्र 21,858.01 वर्ग मीटर है।
आवश्यकता पड़ने पर इसे भविष्य में सात मंजिला (जी-प्लस सेवन) तक विस्तार देने का भी विकल्प रखा गया है। इसका निर्माण कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस, उप्र जल निगम ने ईपीसी मोड पर 15 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है। इसे दिल्ली की कंपनी की देखरेख में बनाया जाएगा।
यह अपनी स्थापत्य कला से काशी की संस्कृति की झलक भी पेश करेगा। भवन के भूतल को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि आम जनता को एक ही परिसर में सभी बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। यहां तीन अलग-अलग प्रभागों में पुलिस चौकी, बैंक, पोस्ट ऑफिस, कैंटीन और जन्म-मृत्यु पंजीकरण कक्ष प्रस्तावित हैं।
वहीं प्रथम प्रभाग में रिकार्ड रूम, कैश काउंटर, वॉल्ट रूम, मीटिंग रूम, ग्रीन रूम, जेसीओ रूम, शौचालय, द्वितीय प्रभाग में लिफ्ट, सर्विस एरिया, शौचालय, यूनियन हॉल एवं तृतीय प्रभाग में पुलिस चौकी, बैंक/पोस्ट आफिस, कैंटीन, सर्वर रूम, जन्म/मृत्यु पंजीयन कक्ष, रिकार्ड रूम, टैक्स कलेक्शन रूम आदि प्रस्तावित हैं। इसी तरह पहले तल पर 180 पार्षदों की क्षमता वाला सदन हॉल होगा।
भवन के ऊपरी तलों पर विभागों का व्यवस्थित बंटवारा किया गया है। द्वितीय तल पर पार्षदों के लिए विशेष कक्ष और वीवीआईपी रूम होंगे, जबकि चतुर्थ तल पर महापौर, नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्तों के कार्यालय के साथ-साथ एक बड़ा कॉन्फ्रेंस हॉल बनाया जाएगा। तृतीय तल पर मीटिंग रूम और टैक्स विभाग संचालित होंगे।
इसे भी पढ़ें; UP News: दूल्हा बनने से दो महीने पहले भदोही का जवान शहीद, जम्मू में आतंकी सर्च ऑपरेशन के दौरान लगी गोली
वैश्विक पटल पर बनारस की नई पहचान
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृढ़ संकल्प से काशी का चहुंमुखी कायाकल्प हो रहा है। सिगरा स्थित नगर निगम का यह नया सदन भवन न केवल अधिकारियों और पार्षदों के लिए एक आधुनिक कार्यस्थल बनेगा, बल्कि अपनी भव्य काशी-गंगा सांस्कृतिक थीम के कारण यह वैश्विक पटल पर बनारस की नई पहचान और विकास का मील का पत्थर साबित होगा। यह भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सुशासन का प्रतीक बनेगा, जहां। एक ही छत के नीचे डिजिटल तकनीक और पौराणिक परंपराओं का संगम दिखेगा।