UP: शिवपाल बोले, राम मंदिर में चढ़ावा चोरी अधर्मी कृत्य, निष्पक्ष जांच हो; 2027 में सपा सरकार बनाने का दावा
Azamgarh News: सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को अधर्मी कृत्य बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े लोगों को बचाया जा रहा है। साथ ही दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार बनाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को अयोध्या के राम मंदिर में दान और चढ़ावे में कथित चोरी के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण में सत्ता पक्ष से जुड़े लोग शामिल हैं और छोटे लोगों पर कार्रवाई कर बड़े लोगों को बचाया जा रहा है। सपा इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करती है।
शिवपाल यादव रविवार को आजमगढ़ के अमिलो क्षेत्र के सिधारी में पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया दान और चढ़ावा आस्था का प्रतीक है। ऐसे पवित्र स्थल पर कथित चोरी होना अधर्म का काम है और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उनका कहना था कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है और आगामी चुनाव में उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में लगी आग की घटना पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोचिंग संस्थानों से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो सरकार की लापरवाही को उजागर करती हैं। ऐसे संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सरकार गंभीर नहीं है।
मंत्री ओम प्रकाश राजभर के आजमगढ़ को लेकर दिए गए पूर्व बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि आजमगढ़ समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ रहा है और आगे भी रहेगा। इस विषय पर अधिक टिप्पणी करना उचित नहीं है।
विवाह समारोह के दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की। इस मौके पर सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक अखिलेश यादव, जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक संग्राम यादव, विधायक पूजा सरोज, विधायक बेचई सरोज सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।