UP: बेटे ने मां को मार डाला, बीच-बचाव में भाभी और भतीजी घायल; छह माह पहले पिता की हुई थी मौत
Varanasi News: जौनपुर में घरेलू विवाद को लेकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है। बुजुर्ग महिला शीला सिंह राजकीय कन्या पाठशाला में प्रवक्ता पद से रिटायर्ड हुई थी। युवक के हमले में भाभी और भतीजी भी घायल हो गईं थीं।
विस्तार
UP Crime: जौनपुर के केराकत कस्बे के शेखजादा मोहल्ला में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। घरेलू विवाद के कारण अविवाहित बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां शीला सिंह (80) की वजनी वस्तु से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल वृद्धा को ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। इस दौरान बीच-बचाव में आई भाभी और भतीजी भी घायल हो गईं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शेखजादा मोहल्ला निवासी शीला सिंह पहले राजकीय कन्या पाठशाला में प्रवक्ता रह चुकी थीं। उनके पति स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह भी केराकत स्थित एक पब्लिक इंटर कॉलेज में प्रवक्ता थे, जिनका छह माह पूर्व निधन हो चुका था। परिवार में चार पुत्र हैं। पप्पू और भोलू उर्फ संदीप (47) मां के साथ रहते थे, जबकि मुन्ना और गोलू बाहर रहते हैं।
परिजनों में मचा कोहराम
बताया जाता है कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे घरेलू विवाद के दौरान भोलू उर्फ संदीप को गुस्सा आ गया और उसने रॉड, सिलबट्टा, डंडे तथा लात-घूंसों से मां की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची भाभी शालिनी सिंह और भतीजी वार्तिका सिंह भी घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल वृद्धा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान वृद्धा की मृत्यु हो गई।
क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार रजक और प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर अभी तक नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।