Varanasi News: अगले हफ्ते से बिना रजिस्ट्रेशन गंगा में नहीं संचालित होंगी नाव, सीपी ने की बैठक; जान लें नियम
Varanasi News: पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल नाविकों के साथ बैठ की। उन्होंने घाटों पर अव्यवस्था, अवैध पार्किंग व अनधिकृत संचालन की रोकथाम पर विशेष जोर दिया। कहा कि श्रद्धालुओं को अतिथि मानकर विनम्र व्यवहार करें और निर्धारित किराए से अधिक वसूली न करें।
विस्तार
Varanasi News: गंगा में अगले सप्ताह से बिना रजिस्ट्रेशन कोई भी नाव संचालित नहीं होगी। सप्ताह भर में सभी नावों का पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। बिना पंजीकरण संचालन पर रोक होगी। यह निर्देश पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को दिए।
यातायात सभागार में नाविकों के साथ हुई बैठक में उन्होंने श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नाव/ बोट संचालन के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। घाटों पर अव्यवस्था, अवैध पार्किंग व अनधिकृत संचालन पर निगरानी बढ़ाते हुए जल पुलिस को नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि बिना लाइफ जैकेट नाव संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और ओवरलोडिंग पर कड़ी कार्रवाई होगी। नाविकों को निर्देशित किया गया कि वे श्रद्धालुओं को अतिथि मानकर विनम्र व्यवहार करें और निर्धारित किराए से अधिक वसूली न करें।
साथ ही, गहरे पानी में निर्धारित सुरक्षित मार्ग का पालन, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, आपात स्थिति में जल पुलिस को सूचना देना तथा नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना, नाव जब्ती व विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नाविकों को यह भी निर्देशित किया गया कि गहरे पानी वाले क्षेत्रों में संचालन करते समय निर्धारित सुरक्षित मार्ग का ही उपयोग करें और बिना अनुमति प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें।
होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ओवरलोडिंग, लाइफ जैकेट न पहनाना, बिना पंजीकरण संचालन जैसे उल्लंघनों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। असुरक्षित संचालन या लापरवाही से किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर संबंधित नाविक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
बैठक के दौरान तीन नाविकों, भदैनी निवासी आकाश साहनी, शिवाला निवासी छोटू साहनी और गणेश महल निवासी राकेश साहनी, को सम्मानित किया गया। इन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए गंगा में छलांग लगाकर स्नानार्थियों को डूबने से बचाया है। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय/वरुणा प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल आदि मौजूद रहे।