Suvendu PA Murder: बलिया पहुंची सीबीआई, आरोपी राज सिंह के परिजनों से पूछताछ; जुटाई अहम जानकारी
Ballia News: पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने बलिया पहुंचकर आरोपी राज सिंह के परिवार से पूछताछ की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और दस्तावेज जब्त किए। राज सिंह की बहन ने सुरक्षा की मांग की है। मामले में सीबीआई ने एसआईटी गठित कर जांच तेज कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Suvendu PA Murder Case: पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में जुटी सीबीआई ने शुक्रवार को बलिया पहुंचकर आरोपी राज सिंह के परिजनों से पूछताछ की। सीबीआई की टीम ने आरोपी के भाई, मां और अन्य करीबी लोगों से कई अहम जानकारी जुटाई।
बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि सीबीआई की टीम गुरुवार को ही बलिया पहुंच गई थी। शुक्रवार को टीम ने पुलिस स्टेशन में आरोपी राज सिंह की मां जमवंती और उसके भाई से पूछताछ की। जांच एजेंसी ने राज सिंह से जुड़े कई दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं।
राज सिंह की बहन दीपशिखा सिंह ने बताया कि सीबीआई अधिकारियों ने उस कपड़ों के शोरूम की सीसीटीवी फुटेज भी जब्त की है, जहां उसका भाई काम करता था। उन्होंने कहा कि परिवार को सीबीआई की जांच पर पूरा भरोसा है और एजेंसी निष्पक्ष तरीके से मामले की जांच करेगी। दीपशिखा ने अपने भाई की सुरक्षा की भी मांग की है।
कार्रवाई की चर्चा
आरोपी की मां जमवंती ने कहा कि परिवार पूरी तरह से जांच में सहयोग कर रहा है। उन्होंने बताया कि सीबीआई को घर की सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करा दी गई है। जांच टीम ने शोरूम मालिकों, राज सिंह के दोस्तों और मामले से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ की। राज सिंह के अधिवक्ता हरिवंश सिंह ने कहा कि सीबीआई इस हत्याकांड की सच्चाई सामने लाएगी।
गौरतलब है कि 25 वर्षीय राज सिंह बलिया का निवासी है और उसे पश्चिम बंगाल पुलिस ने 11 मई को दो अन्य आरोपियों के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने एक टोल प्लाजा पर किए गए यूपीआई भुगतान के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई थी।
13 मई को सीबीआई ने मामले की जांच अपने हाथ में लेते हुए एफआईआर दर्ज की और सात सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। फिलहाल जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे की साजिश क्या थी और क्या आरोपियों को सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया गया था। चंद्रनाथ रथ, जो शुभेंदु अधिकारी के कार्यकारी सहायक थे, की 6 मई को पश्चिम बंगाल के मध्यग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।