UP Accident: बस ने युवक को 500 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत; मां की तहरीर के आधार पर कार्रवाई में जुटी पुलिस
Azamgarh News: आजमगढ़ के कंधरापुर क्षेत्र में तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार सत्यम यादव उर्फ विशाल यादव की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि बस चालक युवक को करीब 500 मीटर तक घसीटता ले गया। मां की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Accident: आजमगढ़ के कंधरापुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि तेज रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मारने के बाद करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान कंधरापुर थाना क्षेत्र के देवपार गांव निवासी सत्यम यादव उर्फ विशाल यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 7:45 बजे सत्यम यादव अपनी मोटरसाइकिल से भदुली बाजार स्थित एक रिश्तेदार के घर जा रहा था। जब वह देवखरी के पास पहुंचा, तभी तेज गति से आ रही एक बस ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्यम यादव गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद बस चालक ने वाहन रोकने के बजाय युवक को काफी दूर तक घसीटा, जिससे उसकी हालत और भी भयावह हो गई।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक की मां संजू यादव ने कंधरापुर थाने में बस चालक के खिलाफ तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण उनके बेटे की जान गई है।
थानाध्यक्ष केदारनाथ मौर्य ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर के आधार पर बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।