UP Accident: आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से दूसरे कंटेनर की टक्कर, दो लोगों की मौत; बाइक सवार दो घायल
Mirzapur News: सड़क हादसे की सूचना पाकर माैके पर ड्रमंडगंज थाने की पुलिस भी पहुंच गई। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल भेज दिया गया। यहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायलों का इलाज शुरू कर दिया गया था।
विस्तार
Road Accident in Mirzapur: ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के रीवा–मिर्जापुर हाईवे पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित कंटेनर ने आगे चल रहे दूसरे कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पीछे वाले कंटेनर के चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, रामपुर जिले के निउसी, मिलक निवासी चालक अरविंद कुमार (36) अपने साथी चालक लालता यादव (50), निवासी खुंटिया, चंदौली के साथ कोल्ड ड्रिंक से लदा कंटेनर लेकर रीवा–मिर्जापुर हाईवे से गुजर रहे थे। शनिवार रात करीब दस बजे जब उनका कंटेनर ड्रमंडगंज घाटी से नीचे उतर रहा था, तभी अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की काफी कोशिश की, लेकिन कंटेनर अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे दूसरे कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
परिजनों में मचा कोहराम
टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही अरविंद कुमार और लालता यादव ने दम तोड़ दिया। वहीं, इसी दौरान उसी स्थान से गुजर रहे बाइक सवार दो सगे भाई अजय और विजय, निवासी सुभाष नगर, ऊंज, भदोही, भी हादसे की चपेट में आ गए। कंटेनर की टक्कर से उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घाटी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ड्रमंडगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज भेजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि दो कंटेनरों के बीच हुई इस टक्कर में पीछे वाले कंटेनर के दोनों चालकों की मौत हो गई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घायल बाइक सवारों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।