पुलिस भर्ती परीक्षा: चचेरे भाई की जगह परीक्षा देने पहुंचा फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार, ऐसे पकड़ में आया फर्जीवाड़ा
Varanasi News: वाराणसी में पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन चचेरे भाई की जगह परीक्षा देने पहुंचा फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार किया गया। उधर, अभ्यर्थी जीके में उलझे तो रीजनिंग के सवालों में ज्यादा समय लग गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को पहली पाली में अपने चचेरे भाई की जगह परीक्षा देने पहुंचे फर्जी अभ्यर्थी राजकुमार शाह को राजातालाब पुलिस ने मंगलवार को परीक्षा केंद्र से गिरफ्तार किया। बायोमेट्रिक सत्यापन और दस्तावेज की जांच के दौरान फर्जीवाड़ा पकड़ में आने के बाद केंद्र प्रभारी ने आरोपी को पुलिस को सौंपा। आरोपी बलिया के बांसडीह थाना क्षेत्र के महाराजपुर चांदपुर का निवासी है।
राजातालाब के परीक्षा केंद्र पर सुबह पहली पाली में परीक्षार्थियों का प्रवेश के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन और दस्तावेज की जांच हो रही थी। संदेह होने पर केंद्र प्रशासन ने अभ्यर्थी राजकुमार शाह को रोककर पूछताछ की, जिसके बाद फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। परीक्षार्थी राजकुमार शाह ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई दीपक कुमार के स्थान पर पुलिस भर्ती परीक्षा देने आया था।
इसे भी पढ़ें; कोर्ट का फैसला: पत्नी की हत्या करके शव पर नमक डाल दफनाने वाले को उम्रकैद, 50 हजार रुपये का लगा जुर्माना
केंद्र प्रशासन की सूचना पर पहुंची राजातालाब पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि कहीं किसी सॉल्वर गिरोह से तो नहीं जुड़ा है। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसके चचेरे भाई की भी गिरफ्तारी होगी।
जीके में उलझे अभ्यर्थी, रीजनिंग के सवालों में लगा ज्यादा समय
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन भी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ दिखी। गोरखपुर, गाजीपुर, मऊ, देवरिया, बिहार आदि जगहों से आए परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दो पालियों में हुई परीक्षा के लिए पंजीकृत 44064 में से 31702 ने परीक्षा दी जबकि दोनों पालियों में कुल 12362 ने परीक्षा छोड़ दी। उधर, केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखे। अभ्यर्थियों के अनुसार सामान्य ज्ञान और रीजनिंग के सवाल बहुत कठिन थे। इस वजह से इसको हल करने में समय अधिक लग गया।
यूपी पुलिस में कांस्टेबल पद के लिए 8 से 10 जून तक चलने वाली परीक्षा के दूसरे दिन सुबह 10 से 12 बजे तक चलने वाली पहली पाली की परीक्षा के लिए बहुत से अभ्यर्थी सुबह 7 बजे से ही केंद्र के बाहर जुटने लगे। 50 केंद्रों पर हुई परीक्षा के लिए हर केंद्र पर पुलिस कर्मी तो तैनात रहे ही।
अधिकारियों की गाड़ियां भी परीक्षा केंद्रों तक दौड़ती रहीं। 3 से 5 बजे तक चली दूसरी पाली की परीक्षा में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखे। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थी केंद्र के बाहर से लेकर रेलवे और बस स्टेशन पर भी बैठकर परीक्षा के सवालों का सही जवाब एक दूसरे से मिलाते नजर आए। पहली पाली में पंजीकृत 22032 में से 15987 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 6445 ने परीक्षा छोड़ दी जबकि दूसरी पाली में 22032 में से 15715 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस पाली में 6317 अनुपस्थित रहे।