Varanasi News: सेना के कैप्टन से 1.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी, मंडुवाडीह थाने में FIR; सीपी ने दिखाया कड़ा रुख
Varanasi News: सेना के कैप्टन विश्वजीत राय से धोखाधड़ी के मामले में लहरतारा स्थित फॉक्सवैगन काशी एजेंसी के मालिक व कर्मचारियों के खिलाफ मंडुवाडीह थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कार्रवाई हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi Crime: सेना के एक कैप्टन से 1.25 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में लहरतारा स्थित फॉक्सवैगन काशी एजेंसी के मालिक एवं कर्मचारियों के खिलाफ मंडुवाडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आयुक्त कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुए इस मुकदमे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रोहनिया थाना क्षेत्र के लठिया बैंक कॉलोनी निवासी विश्वजीत राय भारतीय सेना में कैप्टन पद पर तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि फॉक्सवैगन काशी एजेंसी के मालिक और कर्मचारियों ने सुनियोजित तरीके से उनके साथ 1.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। पीड़ित का कहना है कि एजेंसी की ओर से किए गए व्यवहार और लेन-देन में अनियमितता के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
विश्वजीत राय ने बताया कि मामले को लेकर उन्होंने सबसे पहले 7 मार्च 2026 और 8 मार्च 2026 को मंडुवाडीह थाने में पंजीकृत डाक के माध्यम से तथा व्यक्तिगत रूप से लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद लंबे समय तक न तो कोई जांच आगे बढ़ी और न ही प्राथमिकी दर्ज की गई।
इसके बाद उन्होंने पुलिस आयुक्त वाराणसी को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा मामले को गंभीरता से लेने और आवश्यक निर्देश जारी किए जाने के बाद मंडुवाडीह पुलिस सक्रिय हुई। इसके उपरांत संबंधित धाराओं में फॉक्सवैगन काशी एजेंसी के मालिक और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
मामले में मंडुवाडीह थाना प्रभारी निरीक्षक अजय राज वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। एजेंसी के रिकॉर्ड, वित्तीय दस्तावेजों तथा संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों का बयान दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।