Varanasi News: वसूली करने गई बैंक की टीम को 30 मिनट बनाया बंधक, मारपीट का प्रयास; पहुंची पुलिस
Varanasi News: वाराणसी मं इस घटना से बैंक कर्मचारियों में आक्रोश और असुरक्षा की भावना देखने को मिल रही है। वहीं, क्षेत्र में भी इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई की बात कही है।
विस्तार
Varanasi Crime: चोलापुर थाना क्षेत्र के छोटा गोसाईपुर गांव में कर्ज वसूली के लिए पहुंची बैंक टीम के साथ बंधक बनाकर अभद्रता करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैंक ऑफ इंडिया की काजीसराय शाखा के प्रबंधक समीर कुमार सिंह ने चोलापुर थाने में तहरीर देकर बताया कि मंगलवार शाम वह अपनी टीम के साथ छोटा गोसाईपुर निवासी सच्चिदानंद मिश्रा के प्रतिष्ठान ‘रुद्रा जनरल स्टोर’ पर बकाया ऋण की वसूली के लिए पहुंचे थे।
बैंक के अनुसार संबंधित खाते पर करीब चार लाख रुपये का ऋण बकाया है, जिसमें 21,364 रुपये की किश्त तत्काल जमा की जानी थी। बैंक ने चेतावनी दी थी कि निर्धारित समय पर भुगतान न होने की स्थिति में 20 मार्च को खाते को एनपीए घोषित कर दिया जाएगा।
पुलिस ने की कार्रवाई
तहरीर के मुताबिक, बैंक टीम के पहुंचते ही सच्चिदानंद मिश्रा और उनके पिता रमेश चंद्र मिश्रा ने बातचीत के बहाने अधिकारियों को दुकान के अंदर बुला लिया। आरोप है कि जैसे ही टीम अंदर गई, आरोपियों ने दुकान का शटर गिराकर बाहर से ताला लगा दिया और बैंक कर्मियों को अंदर ही बंद कर दिया। करीब 30 मिनट तक टीम को बंधक बनाए रखा गया।
इस दौरान आरोपियों द्वारा बैंक कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और कर्ज चुकाने से साफ इनकार कर दिया गया। विरोध करने पर टीम के सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। किसी तरह मामले की जानकारी बाहर पहुंचने पर स्थिति सामान्य हो सकी।
घटना के बाद बैंक प्रबंधक ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि प्रकरण गंभीर है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।