सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Investigation into mobile numbers regarding about 2 crore theft laborer dies electrocution

Varanasi News Today: ढाई करोड़ की चोरी में मोबाइल नंबरों की जांच, करंट से मजदूर की मौत; पढ़ें वाराणसी की खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Mon, 08 Jun 2026 11:20 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी में काम कर रहे मजदूर की करंट से माैत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, ढाई करोड़ रुपये से अधिक के गहने और 1.90 लाख रुपये नकद चोरी के मामले में पुलिस घटनास्थल के पास सक्रिय मोबाइल नंबरों और निगरानी फुटेज की जांच कर रही है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today Investigation into mobile numbers regarding about 2 crore theft laborer dies electrocution
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: चौबेपुर थाना क्षेत्र के अजांव गांव में निर्माणाधीन मकान में संटरिंग करते समय मुकेश राव (28) की मौत हो गई। परिजनों ने हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई है। वहीं, विद्युत विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण हो सकेगा। 

Trending Videos


जानकारी के अनुसार अजांव गांव स्थित पुराने सरकारी नलकूप के पास आजाद राम के निर्माणाधीन मकान में रविवार सुबह संटरिंग हो रही था। इस दौरान मजदूर मुकेश राव निवासी पनिहरी चौबेपुर अचानक नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने आशंका जताई कि वह मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया था। परिजन गंभीर हालत में मुकेश को दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई दिवाकर भी मजदूरी करता है। मुकेश अपने पीछे पत्नी राधिका देवी, पुत्र लड्डू और पुत्री वैष्णवी को छोड़ गया है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उगापुर विद्युत उपकेंद्र के उपखंड अधिकारी अजीत कुमार सोनकर ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति हाईटेंशन लाइन की चपेट में आता है तो संबंधित फीडर की लाइन तत्काल ट्रिप हो जाती है। ऐसी कोई स्थिति सामने नहीं आई है। 

विज्ञापन

ढाई करोड़ की चोरी में पुलिस सक्रिय, मोबाइल नंबरों की जांच में जुटी
गणेशपुर में कुमार विनोद के घर से तीन जून को ढाई करोड़ रुपये से अधिक के गहने और 1.90 लाख रुपये नकद चोरी हो गए। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर रही है। घटनास्थल के पास सक्रिय मोबाइल नंबरों और निगरानी फुटेज की गहन जांच की जा रही है। 

चोरी की वारदात रात एक बजे से तीन बजे के बीच होने की संभावना है। पुलिस इस अवधि में सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है। एक दिन पहले अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी ने शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार काम कर रही हैं। पुलिस अब तक 150 से अधिक निगरानी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है। 

जांच के दौरान क्षेत्र के लगभग 100 कैमरों की फुटेज पहले ही खंगाली जा चुकी थी। रविवार को भी 50 से अधिक कैमरों की फुटेज की पड़ताल की गई। घटना के बाद तीन संदिग्ध पंचकोशी मार्ग की ओर जाते हुए देखे गए थे। पुलिस ने शिवपुर से बाबतपुर और चांदमारी के बीच कई स्थानों पर सुराग जुटाए हैं। पीड़ित कुमार विनोद के घर में कार्यरत नौकर राजेश कुमार से भी पूछताछ जारी है। जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद चोर पंचकोशी मार्ग की ओर निकले। वहां से वे चांदमारी की दिशा में बढ़े। निगरानी फुटेज के आधार पर उनकी आखिरी लोकेशन ऐढ़े गांव के आसपास मिली है। 

स्कॉर्पियो की टक्कर से ई-रिक्शा सवार चार घायल
सारनाथ थाना क्षेत्र के गंज मोहल्ले में रविवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार राजेश विश्वकर्मा निवासी चोलापुर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही सवार नेहा, अनिकेत और ई-रिक्शा चालक भी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा। 

जानकारी के अनुसार, आशापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और म्यूजियम तिराहे से आशापुर की तरफ जा रहे ई-रिक्शा की गंज मोहल्ले के पास आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि स्कॉर्पियो एक होटल संचालक का बेटा चला रहा था। वह पहले भी तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर चर्चा में रहा है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि फरार चालक की तलाश जारी है। 

पिकअप और ऑटो की आमने-सामने टक्कर
सिंधोरा थाना क्षेत्र के सरायशेखलार्ड गांव के पास रविवार रात करीब नौ बजे पिकअप और ऑटो की टक्कर में छह लोग घायल हो गए। तीन की हालत गंभीर है, एक घायल को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि ऑटो में कुल छह लोग सवार थे। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

बीएचयू के विश्वनाथ मंदिर से बैटरी, तार चोरी
काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित विश्वनाथ मंदिर परिसर में रखे जनरेटर की बैटरी तथा हजारों रुपये मूल्य के बिजली के तार चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर पश्चिमी गेट बंद कर परिसर के अंदर घुसे और जनरेटर से बैटरी व तार निकालकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, इस संदर्भ में लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। मामला सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। 

पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म और ब्लैकमेल मामले में पॉक्सो के आरोपी पैथोलॉजी संचालक को मिर्जामुराद पुलिस ने रविवार को छतेरीमानापुर के पास से गिरफ्तार किया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चित्रसेनपुर का निवासी है। पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि वर्ष 2019 में जब वह नाबालिग थी, उस समय वह कोचिंग के दौरान आरोपी ने बहला-फुसलाकर अपने पैथोलॉजी सेंटर में ले जाकर दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर बदनाम करने एवं परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। छह साल तक ब्लैकमेल करते हुए दुष्कर्म करता रहा। शादी के बाद भी प्रताड़ित किया। पति की हिम्मत पर पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। 

चोरी का आरोपी गोपी राजभर गिरफ्तार
पुलिस ने चोरी के एक मामले में वांछित गोपी राजभर को हृदयपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गोपी राजभर पर हत्या, चोरी और मारपीट सहित कुल छह मामले दर्ज हैं। इन मामलों में वह जेल जा चुका है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सटीक जानकारी पर आरोपी गोपी राजभर को गिरफ्तार किया गया। वह भागने की फिराक में था और हृदयपुर अंडरपास के पास ऑटो का इंतजार कर रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अपने साथियों के साथ मिलकर अक्षय कुमार राजभर के आभूषण और पैसे चुराए थे। उसने यह चोरी तब की जब अक्षय शराब के नशे में सोया हुआ था। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए उसे जेल भेज दिया है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। 

बच्ची को पटकने के मामले में आरोपी गया जेल
सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा स्थित वनवासी बस्ती में शनिवार की रात मासूम को पटकने मामले में आरोपी विकास यादव को कोर्ट ने रविवार को जेल भेज दिया। वहीं, घायल बच्ची की हालत अब सामान्य है। श्रीनगर कॉलोनी स्थित निजी अस्पताल में मासूम का उपचार चल रहा है।

थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित अकथा निवासी पप्पू वनवासी ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि 6 जून की रात अपने घर के पास 29 दिन की पोती को गोद में लेकर खड़ा था। इस बीच पड़ोस का रहने वाला विकास यादव पहुंचा और पोती को खेलाने के लिए मांगा और घर से थोड़ी दूर खेलाने के बहाने लेकर गया और जान से मारने की नीयत से इंटरलाॅकिंग सड़क पर नवजात को पटक दिया और मुंह दबाकर मारने लगा। 

शराब पीने से टोकने पर युवक की पिटाई 
चितईपुर केदार के पूरा निवासी राजू पटेल ने मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि शुक्रवार की रात अपने घर जा रहता था। आदित्य नगर पोखरे के सामने स्थानीय निवासी पवन पटेल अपने चार साथियों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने का पीड़ित ने विरोध किया। जिसपर आक्रोशित होकर पवन अपने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर राजू को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल का पुलिस ने जिला अस्पताल में इलाज करवाया। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी पवन और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गया। जांच की जा रही है। 

गाली देने का विरोध करने पर दंपती की पिटाई
सिंधौरा स्थानीय थाना क्षेत्र के कटौना गांव में बेटी को कथित रूप से गाली देने का विरोध करना एक दंपती को महंगा पड़ गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने विरोध करने पर पति-पत्नी की पिटाई कर दी, जिससे दोनों घायल हो गए। कटौना निवासी मोहम्मद रसूल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे गांव के कुछ लोग उनकी बेटी को बिना किसी कारण अपशब्द कह रहे थे। 

इसका विरोध करने पर उनकी पत्नी साविरा बेगम घर से बाहर आई। आरोप है कि इस दौरान राजेंद्र कवि, बुच्चुन कवि, रोशन, सलीम और हलीम ने उनकी पत्नी को भी गाली-गलौज करते हुए मारपीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे मोहम्मद रसूल को भी आरोपियों ने पीट दिया। घटना में पति-पत्नी दोनों को चोटें आई हैं। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

ढाबा संचालक की जेब से मोबाइल, नकदी चोरी
आदमपुर थाना क्षेत्र के कज्जाकपुरा तिराहे के पास एक ढाबा संचालक घनश्याम की जेब से मोबाइल फोन और नकदी चोरी हो गई। पीड़ित घनश्याम के अनुसार शनिवार रात वह ढाबे पर ही सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर उनकी जेब से मोबाइल फोन और चार हजार रुपये निकालकर भाग गया। रविवार सुबह नींद खुलने पर जेब से मोबाइल और नकदी गायब मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। 

जमीन के विवाद में दंपती से मारपीट
बड़ागांव थाना क्षेत्र के रतनपुर करमपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। संजय कुमार ने रविवार को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि जमीन विवाद को लेकर शनिवार दोपहर गांव के ही रोहित, मोहित, सोहित, पवन समेत कई लोगों ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी उर्मिला के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि ग्रामीणों के हस्तक्षेप से किसी तरह उनकी जान बच सकी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

निवेश के नाम पर लाखों की ठगी
बाबतपुर क्षेत्र में जमीन दिलाने और निवेश पर 15 प्रतिशत तक रिटर्न का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में दो कारोबारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ितों का आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो जमीन उपलब्ध कराई गई और न ही निवेश की गई धनराशि वापस की गई। चोलापुर थाना क्षेत्र के घोघली निवासी चंद्रशेखर राजभर तथा बड़ागांव के खररिया खास निवासी शिक्षक अशोक सिंह की तहरीर पर बड़ागांव पुलिस ने शनिवार देर रात मृत्युंजय सिंह निवासी सेरुका, सैयदराजा और शिवकुमार भारद्वाज निवासी धरमनपुर, बड़ागांव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

पावर कॉरपोरेशन में तैनात व्यक्ति के घर चोरी करने वाले दो गिरफ्तार
चितईपुर थाना पुलिस ने बंद मकान में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां तथा अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, चितईपुर थाना क्षेत्र के नासीपुर स्थित विवेक नगर कॉलोनी निवासी जयप्रकाश मेहता, जो जम्मू-कश्मीर में पावर कॉरपोरेशन में तैनात हैं, के बंद घर में चोरी की घटना हुई थी। 

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शनिवार को प्रज्ञानगर कॉलोनी सुंदरपुर निवासी अनुज साहनी तथा नासीपुर निवासी आकाश पटेल को गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने विवेक नगर कॉलोनी के बंद मकान में चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां एवं आर्टिफिशियल आभूषण बरामद किए गए हैं। 

काशी में मांस के साथ शराब की बिक्री पर लगाई जाए रोक : कांग्रेस
काशी में मांस के साथ-साथ शराब की बिक्री पर भी रोक लगाई जाए। यह मांग कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने शासन प्रशासन से की। उन्होंने कहा कि काशी आध्यात्मिक गरिमा और तीर्थ स्थल, सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने के लिए शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगे। कम्पोजिट दुकानें तत्काल बंद हों।

काशी की धार्मिक और आध्यात्मिक पवित्रता की रक्षा के नाम पर नगर निगम की ओर से शहर में मांस, मछली और मीट की बिक्री को प्रतिबंधित करने जैसे निर्णय लिए जा रहे हैं, तो उसी भावना के अनुरूप सरकार को काशी में शराब की बिक्री पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगानी चाहिए। प्रदेश सरकार ने पूरे उत्तर प्रदेश में कम्पोजिट शराब की दुकानों की व्यवस्था लागू कर शराब की उपलब्धता को और आसान बना दिया है। गंगा तटों और घाटों की पवित्रता काशी की आत्मा है। घाटों के आसपास शराब सेवन और शराब के व्यवसाय से जुड़े दृश्य काशी की धार्मिक गरिमा को आहत करते हैं। 

मांस की दुकानों को शहर से बाहर करने के फैसले का किया स्वागत
नगर निगम ने शहर से मांस की दुकानों को बाहर करने के फैसले का आगमन संस्था और ब्रह्म सेना ने स्वागत किया है। पदाधिकारियों का कहना है कि यह संस्था द्वारा पांच वर्षों से चलाए जा रहे अभियान पवित्र काशी के प्रयासों का परिणाम है। इन संस्थाओं का लक्ष्य काशी को मांस और मदिरा मुक्त बनाना है। आगमन संस्था और ब्रह्म सेना ने इस पहल के लिए महापौर, पार्षदों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। आगमन संस्था और ब्रह्म सेना के संयोजक संतोष ओझा ने कहा कि काशी में आज भी मंदिरों और स्कूलों के पास शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं, जो चिंताजनक है। 

कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने पर शिक्षकों ने जताया आभार
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ माध्यमिक ने शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। संघ के माध्यम से शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उनके प्रति आभार जताया है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ माध्यमिक के वाराणसी मंडल के मंडल अध्यक्ष प्रणय कुमार सिंह ने इंस्टीट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स घमहापुर, गंगापुर में कहा कि मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए बेहतर उपाय किया है। मौके पर शिक्षक संजीव सिंह गौतम, राकेश सिंह, संजय सिंह, अवधेश यादव, ब्रह्म शेखर राय दिनेश राय, वाहिद खान, मोहित यादव, सर्वेश यादव, ज्ञान शंकर पटेल ने भी इस योजना से आच्छादित होने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर उन्हें धन्यवाद भी दिया। 

रामनगर भीटी में सड़कों का शिलान्यास और लोकार्पण
रामनगर के भीटी में रविवार को कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने सड़कों के निर्माण व इंटरलाॅकिंग कार्य का शिलान्यास और लोकार्पण किया। रमेश पुरम कॉलोनी में इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य का शिलान्यास हुआ। उधर, रामनगर के उमा निलयम सोसाइटी और एक स्कूल में विधायक ने पौधरोपण किया। सोसाइटी में  समिति के उपाध्यक्ष पंकज शर्मा ने विधायक से परिसर में मंदिर निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। इसे विधायक ने स्वीकार किया। 

पीएम-सीएम के सामने उठाएंगे समस्या
वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान की मासिक बैठक रविवार को डिप्लोमा इंजीनियर संघ भवन पीडब्ल्यूडी नदेसर में हुई। अध्यक्षता कर रहे संस्थान के अध्यक्ष राजेश्वर पांडेय ने कहा कि पेंशनर्स 25 जून को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, वित्तमंत्री, मुख्यमंत्री, प्रदेश के वित्तमंत्री को ज्ञापन ई-मेल/स्पीड पोस्ट से भेजेंगे। ई-मेल के जरिये सरकार से समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग करेंगे। मांगो में प्रमुख सभी को आठवें वेतन आयोग का लाभ मिले। राशिकरण की कटौती की अवधि 15 साल के स्थान पर 11 साल करने की मांग की गई। 65, 70, 75 वर्ष की आयु पर 15, 10 और 15 प्रतिशत पेंशन वृद्धि, वन रैंक वन पेंशन लागू करने कर मांग की। बैठक में जिला मंत्री जयराज बहादुर सिंह, आनंद लाल, संजय कुमार श्रीवास्तव, सीबी सिंह, आरके सिंह, केआर शास्त्री आदि रहे। 

39 जीटीसी केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य का निधन
केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी फुलवरिया के प्रधानाचार्य रहे दरेखू निवासी चंद्र भूषण वर्मा (50) का सुंदरपुर स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार की देर रात उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर है। अंतिम संस्कार हरिश्चंद्र घाट पर किया गया। मुखाग्नि बड़े भाई डाॅ. जगदीश सिंह ने दी। इस दौरान घाट पर अध्यापक व क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद थे। मृतक की पत्नी ललिता देवी हैं। उनका 14 साल का एक पुत्र वेदांत है। बड़े भाई प्रधानाचार्य लाल बहादुर शास्त्री इंटर कालेज दरेखू फूलचंद ने बताया कि कुछ दिन से बीमार थे। तीन साल पहले उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रपति ने इनको सम्मानित किया था। 

ओडीओसी उत्पादों की मशीनरी लगाने पर मिलेगी 75% सब्सिडी
एक जनपद एक व्यंजन योजना के तहत जिले के पारंपरिक व्यंजनों को वैश्विक पहचान मिलेगी। बनारसी पान, लस्सी-ठंडाई और मलइयो जैसे व्यंजन अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह बनाएंगे। शासन की ओर से सब्सिडी, ब्रांडिंग प्रोत्साहन और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जाने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी।

उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि योजना के तहत उद्यमियों को ऋण के सापेक्ष 25 फीसदी तक की मार्जिन मनी सहायता मिलेगी। यह सहायता मशीनों की स्थापना, पैकेजिंग, कोल्ड चेन, फूड टेस्टिंग और क्लाउड किचन के लिए होगी।

इसके अलावा स्थानीय कारीगरों को बड़े शहरों या विदेशों के फूड फेस्टिवल्स में जाने के लिए 75 फीसदी का अनुदान मिलेगा। इसमें स्टॉल शुल्क, माल ढुलाई और कारीगर के आने-जाने का किराया शामिल है। व्यंजनों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने और फूड क्वालिटी सर्टिफिकेट लेने पर भी यह छूट मिलेगी। वाराणसी के छह प्रसिद्ध पारंपरिक व्यंजनों को चुना गया है, जिनमें मलइयो, बनारसी पान, कचौड़ी, तिरंगा बर्फी, लौंग लता और ठंडाई-लस्सी शामिल हैं।

ये है पात्रता : इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदनकर्ता की उम्र कम से कम अठारह वर्ष होनी चाहिए। उसे जनपद का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। आवेदक या उसकी इकाई किसी भी बैंक की डिफॉल्टर नहीं होनी चाहिए। परिवार के किसी सदस्य ने पहले किसी अन्य स्वरोजगार योजना का लाभ न लिया हो। आवेदन के साथ दस रुपये के स्टाम्प पेपर पर नोटरी शपथ पत्र देना होगा।

21.79 करोड़ रुपये की लागत से दो सड़कों का होगा कायाकल्प 
अर्बन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी (यूरिडा) के तहत शहर की दो सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। 21.73 करोड़ की लागत से महावीर मंदिर से अर्दली बाजार और महमूरगंज से संत रघुवर नगर मार्ग का निर्माण नए सिरे से होगा। इसका पत्र यूरिडा के सीईओ उदय भानु त्रिपाठी की ओर से नगर निगम को भेजा  गया है। 

महावीर मंदिर से अर्दली बाजार मार्ग का निर्माण 13.22 करोड़ से होगा। इसके तहत 5.95 करोड़ रुपये राज्यांश है। निकाय की ओर से 66.11 लाख रुपये लगाए जाएंगे। यूरिडा की ओर से 5.95 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा महमूरगंज पेट्रोल पंप से संत रघुवर नगर मार्ग का निर्माण 8.51 करोड़ से होगा। इसमें 3.68 करोड़ राज्यांंश है। 40.98 लाख रुपये निकाय की ओर से लगाए जाएंगे। 3.68 करोड़ रुपये यूरिडा की ओर से दिए जाएंगे। यूरिडा की ओर से बन रही सड़कों पर विकलांगों व नेत्रहीनों के लिए फुटपाथ पर रैंप बनाए जाएंगे। 

घर के पास डिजिटल एक्सरे कर रही टीम टीबी मरीज की पहचान होगी आसान
जिले में टीबी मरीजों की खोज कर उनको बेहतर उपचार दिलाने के उद्देश्य से विशेष अभियान की शुरुआत की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लॉकवार आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर विशेष कैंप लगाकर यहां लोगों की घर के पास एक्सरे, बीपी सहित अन्य जांच की जा रही है। राष्ट्रीय क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे अभियान के तहत ब्लॉकों में स्वास्थ्य टीम पहुंचकर लोगों की जांच कर रही है। 

गर्मी के साथ खपत बढ़ी, काॅलोनियों में ट्रिपिंग 
गर्मी बढ़ते ही जिले में बिजली आपूर्ति का संकट एक बार फिर से बढ़ने लगा है। दिन हो या रात बिजली कब जाएगी और कब आएगी। इसका कोई शेडयूल नहीं तय है। कहीं ट्रांसफॉर्मर जल रहा है तो कहीं तार टूटकर गिरने की वजह से काॅलोनियों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

रविवार को लहरतारा, उत्तरी ककरमत्ता, कैंट, परेड कोठी, रानीपुर, चेतगंज,महेशपुर आदि जगहों पर ट्रिपिंग सबसे अधिक रही। इधर बिजली की खपत भी 890 मेगावाट तक पहुंच गई, जो पिछले साल जून के पहले सप्ताह की तुलना में 130 मेगावाट अधिक दर्ज किया गया। दो दिन पहले ही सर्किट हाउस में बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने अधिकारियों से काशी में फाल्ट मिलने पर समय से दूर करवाकर उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति देने की बात कही थी। 

इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। रविवार को शाम 7 बजे महेशपुर में पंचायत भवन के बाद बजरंग नगर काॅलोनी में ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया। इससे कृष्णापुरी, बजरंगनगर कालोनी, बाटा मोड़ आदि जगहों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। 

नवंबर में हुई पुलिस भर्ती परीक्षा का अब तक नहीं मिला मानदेय, अर्जित अवकाश भी नहीं मिल सका
बीते नवंबर में जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पुलिस परीक्षा कराई गई। इसमें आंतरिक कक्ष निरीक्षकों को, केंद्र व्यवस्थापकों आदि को मानदेय उसी समय दे दिया गया था लेकिन सभी वाह्य कक्ष निरीक्षकों को जिनकी ड्यूटी अपर जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक ने लगाई थी, उन्हें आज तक मानदेय नहीं दिया गया। यदि इस मानदेय का भुगतान नहीं हुआ तो शिक्षक ड्यूटी का बहिष्कार करेंगे।  

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने बताया कि शिक्षकों ने कई बार जिला प्रशासन और डीआईओएस से मानदेय के भुगतान का आग्रह किया। 8, 9 और 10 जून को जिले में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पुलिस परीक्षा का आयोजन होगा। इसमें सभी माध्यमिक शिक्षकों की ड्यूटी ग्रीष्मकालीन अवकाश में रहने के बावजूद परीक्षा ड्यूटी करेंगे। 

आरोप लगाया कि अस्वस्थ व अपरिहार्य कारणों से ड्यूटी करने में असमर्थ शिक्षकों की भी ड्यूटी लगा दी गई है। संघ की मांग है कि गर्मी की छु्ट्टियों में ड्यूटी करने वाले सभी शिक्षकों को उपार्जित अवकाश देने का आदेश तत्काल जारी किया जाए। बीते साल नवंबर माह की पुलिस परीक्षा में संलग्न वाह्य कक्ष निरीक्षकों को तत्काल मानदेय दिए जाने की मांग की। 

भूगर्भ जल विभाग से अनापत्ति के बाद निकाल पाएंगे भूजल
भूगर्भ जल विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद भूगर्भ जल का इस्तेमाल किया जाएगा। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की ओर से सभी श्रेणी के भूजल उपयोक्ताओं को बताया गया कि भूगर्भ जल निकालने के लिए भूगर्भ जल विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र, पंजीकरण प्रमाण पत्र प्राप्त करना अनिवार्य किया गया है।

बारिश के जल रिचार्ज की व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट, अभिलेख नोडल अधिकारी, जिला भूगर्भ जल प्रबंधन परिषद (हाइड्रोजिओलॉजिस्ट, भूगर्भ जल विभाग) के समक्ष सात दिन के अंदर प्रस्तुत करें। ऐसा नहीं करने वाले कारोबारियों, समूह उपभोक्ताओं पर अर्थदंड लगाया जाएगा। इससे संबंधित किसी भी तरह की सहायता के लिए नोडल अधिकारी, जिला भूगर्भ जल प्रबंधन परिषद कार्यालय से संपर्क कर किया जा सकता है। 

शहर के होटलों को परिसर से निकलने वाले कचरे का करना होगा निस्तारण
शहर के होटलों को अपने परिसर से निकलने वाले कचरे का निस्तारण करना होगा। इसके लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों के तहत कचरे का प्रबंधन अब उनके लिए अनिवार्य कर दिया गया और उनकी जवाबदेही तय कर दी गई है। इसका अनुपालन नगर निगम की ओर से कराया जा रहा है। 

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके चौधरी ने बताया कि कचरे से वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। नए नियमों के तहत स्थानीय निकायों को अब विस्तारित थोक अपशिष्ट उत्पादक उत्तरदायित्व जारी करने का अधिकार है। यह प्रमाणन तीन वर्षों के लिए वैध होगा। 

इसकी लागत और प्रबंधन की प्रक्रिया केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप होगी, ताकि जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। इस नियम में सख्त दंडात्मक कार्रवाई का प्राविधान है। इसमें लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है।

नियमों के अनुसार वे सभी संस्थान बल्क वेस्ट जनरेटर की श्रेणी में आते हैं जो 20 हजार वर्ग मीटर या उससे अधिक क्षेत्रफल में स्थित हैं। वह प्रतिदिन 40 हजार लीटर से अधिक जल की खपत करते हैं। उनके यहां प्रतिदिन 100 किलोग्राम से अधिक ठोस कचरा उत्पन्न करते हैं। इन संस्थानों को अनिवार्य रूप से गीले कचरे का ऑन-साइट प्रसंस्करण करना होगा। ये नियम शहर में आने वाले पर्यटकों और काशीवासियों को स्वच्छ वातावरण मिले इसके लिए बनाए हैं। 

अब आयुष पद्धति से भी लोगों को मिलेगा कैशलेस इलाज
आयुष राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर दयालु ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, समावेशी और जनहितकारी बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक निर्णय लिया है। अब पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत आयुष चिकित्सा पद्धतियों को भी शामिल किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

सिगरा स्थित कैंप कार्यालय पर प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथी जैसी आयुष पद्धतियों की आईपीडी सेवाओं को योजना से जोड़ा जाए, ताकि काशी और प्रदेशवासियों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से भी कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त हो सके। इस निर्णय के बाद मरीजों को आयुष चिकित्सा के तहत बिना आर्थिक बोझ के गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध हो सकेगा। 

ग्रामीण क्षेत्रों, गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए यह पहल किसी बड़ी राहत से कम नहीं मानी जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहजता और सम्मानपूर्वक पहुंचे। राज्यमंत्री पीआरओ गौरव राठी ने कहा कि यदि काशी में किसी को इसका लाभ नहीं मिल रहा है तो वह कैंप कार्यालय आकर शिकायत कर सकते हैं। 

श्रीकृष्ण के जन्म पर झूमे काशीवासी
सामने घाट में श्रीमद्भागवत कथा में रविवार को श्रीकृष्णजन्म की लीला का वर्णन किया गया। भगवताचार्य पं. रहीश मिश्रा ने कहा कि भगवान कृष्ण का अवतार भक्त देवकी और वासुदेव की रक्षा तथा कंस के वध के लिए हुआ था। देवकी और वासुदेव भगवान कृष्ण के परम भक्त थे। उन्हीं की रक्षा के लिए उन्होंने जन्म लिया। जैसे ही कथा में भगवान कृष्ण के जन्म का वर्णन हुआ, कथा पंडाल में खुशी की लहर दौड़ गई। भक्त खड़े होकर नाचने-गाने लगे। 

पूरा पंडाल नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की जय... के जयघोष से गूंज उठा। आनंदम ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी अरविंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आश्रम धार्मिक आयोजनों के लिए निशुल्क स्थान प्रदान करता है। कथा में पं. वीरेश ओझा, पं. मुकेश ओझा, पं. उमाकांत त्रिपाठी, पं. नीरज पांडे और पं. मनमोहन आदि मौजूद रहे। 

काशी प्रांत के अध्यक्ष बने हरविंदर, महासचिव सचिन
भारत विकास परिषद काशी प्रांत का दायित्व ग्रहण समारोह रविवार को छावनी स्थित एक होटल में हुआ। इसमें हरविंदर वालिया ने अध्यक्ष, सचिन अग्रवाल ने महासचिव और विवेक तिवारी ने कोषाध्यक्ष का पदभार संभाला। अध्यक्ष हरविंदर वालिया ने अपनी पूरी प्रांत कार्यकारिणी को शपथ दिलाई, जिसमें प्रांतीय गतिविधि संयोजक महिला सहभागिता प्रियंका जायसवाल भी शामिल थीं। 

मुख्य अतिथि मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने एक कार्यक्रम में कहा था कि जो काम भाजपा विगत 14 वर्षों से कर रही है, वही कार्य भारत विकास परिषद बीते 50 वर्षों से कर रही है। उन्होंने शहर में पर्यावरण बचाने के लिए पेड़ लगाने पर जोर दिया। मेयर ने लोगों से गंदगी दिखने पर नगर निगम में शिकायत करने को कहा, जिस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। समारोह में काशी प्रांत की महिला सदस्यों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्या बाई होल्कर और पन्ना दाई पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। संचालन प्रांतीय उपाध्यक्ष विवेक सूद ने किया। 

काशी और शिव की महिमा सुन श्रद्धालु मुग्ध
पुरुषोत्तम मास के अवसर पर खोजवां स्थित आरएसएस के क्षेत्र कार्यवाह पूर्वी उत्तर प्रदेश वीरेंद्र जायसवाल के आवास पर संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान-यज्ञ का रविवार को शुभारंभ हुआ। यह सप्तदिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान 13 जून तक चलेगा। इस्कॉन मंदिर वृंदावन के कथावाचक तमाल कृष्ण दास ने काशी और शिव परिवार की महिमा का सजीव वर्णन किया। उनके प्रवचन और संकीर्तन से श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। 

मुख्य यजमान वीरेंद्र जायसवाल नेकहा कि यह आयोजन समाज में भक्ति का मार्ग प्रशस्त करेगा। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को सनातन धर्म-संस्कृति और उच्च जीवन-मूल्यों से जोड़ना है। वीरेंद्र जायसवाल ने बताया कि यह केवल एक कर्मकांड नहीं है। यह समाज के लिए भक्ति का मार्ग खोलने का एक संकल्प है। 14 जून को महाप्रसाद वितरण होगा। 

श्रीमद् भागवत कथा में नंदोत्सव का बखान
पंचायत भवन महेशपुर में श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ में मानस के कथाकार बाबा डॉ. प्रेमदास ने रविवार को भगवान श्री कृष्ण के बाल स्वरूप का वर्णन किया। उन्होंने भगवान के प्राकट्य के बाद नंद बाबा के द्वार पर हुए वात्सल्य और आनंद के बारे में बताया। कहा कि यशोदा और नंद को पूर्व जन्म में ही भगवान ने वरदान दिया था। वह मथुरा में देवकी के कोख से जन्म लेने के बाद भी गोकुल में नंद के घर पहुंचे। सब प्रभु की लीला ही थी। कथा 15 जून तक चलेगी। कथावाचक प्रेमदास महाराज वेदांताचार्य और योगतंत्रताचार्य भी हैं। 

लाट भैरव बाबा का शृंगार, हुआ अष्टमी पूजन
लाट भैरव मंदिर कज्जाकपुरा में द्वितीय ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष अष्टमी पर पाक्षिक पूजन और अनुष्ठान हुए। लाट भैरव प्रबंधक समिति ने पुष्पहारों से बाबा का श्रृंगार किया और रागभोग अर्पित किया। मंदिर परिसर हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। आचार्य रविंद्र त्रिपाठी के आचार्यत्व में पूजन संपन्न कराया गया। अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर मध्य रात्रि में आरती उतारी गई। इस दाैरान अध्यक्ष रोहित जायसवाल, मुन्ना लाल यादव, विक्रम सिंह राठौर, शिवम अग्रहरि, नंदलाल प्रजापति, आशीष माैजूद रहे। 

काशी वंदन में राजस्थानी लोकनृत्य पर झूमे श्रोता
जिला प्रशासन की अनूठी पहल पर आयोजित काशी वंदन सांस्कृतिक कार्यक्रम में कला और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान बृष्टि चक्रवर्ती और उनके समूह ने राजस्थानी लोकनृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ समूह ने राजस्थान के सुप्रसिद्ध और पारंपरिक गीत केसरिया बालम पधारो म्हारे देस पर आधारित नृत्य से किया। इसके बाद कलाकारों ने राजस्थान के गौरवमयी नृत्य घूमर और केसरिया बालम री थारी बोली प्यारी लागे... जैसे लोकप्रिय गीतों पर एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट नृत्य प्रस्तुत किए। इस दौरान अनूप कुमार मिश्रा, कार्यक्रम संयोजक अंशुमान महाराज समेत अन्य मौजूद रहे। 

पर्यावरण संतुलित रखने के लिए लगाए 15 पौधे
पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए कृष्णापुर खुर्द स्थित एनिमोटल पशुसेवा परिसर में आरोग्य भारती काशी प्रांत और एनिमोटल केयर ट्रस्ट के ओर से 15 पौधे लगाए गए। इसमें यूपीईएस विश्वविद्यालय, देहरादून और एमिटी विश्वविद्यालय, नोएडा के 20 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। ये छात्र एनिमोटल के साथ पर्यावरण विषयक समर इंटर्नशिप कर रहे हैं। आरोग्य भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष इंद्रनील बसु ने युवाओं से प्लास्टिक का उपयोग कम करने का आह्वान किया। समाजसेविका सुदेशना बसु ने जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया। सेवानिवृत्त पशु चिकित्साधिकारी विनोद यादव, भावना टंडन आदि माैजदू रहीं। 

रोटरी के सदस्यों को सीपीआर का दिया प्रशिक्षण
रोटरी क्लब वाराणसी शिवगंगा ने रविवार को सिगरा स्थित एक होटल में सीपीआर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने सीपीआर की वैज्ञानिक और व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। डॉ. द्विवेदी ने सीपीआर की चरणबद्ध प्रक्रिया का प्रदर्शन कराया। उन्होंने जोर दिया कि प्रत्येक नागरिक को सीपीआर का प्राथमिक ज्ञान होना चाहिए। क्लब अध्यक्ष अजय कुमार ने डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी का स्वागत किया। सचिव ज्ञानेश सेठ ने संयोजन किया। संस्थापक अध्यक्ष रविशंकर सिंह ने कहा कि क्लब ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा। अनूप नागर ने आभार व्यक्त किया। 

कार्यशाला में बच्चों ने दिखाई गायन प्रतिभा
संस्कार भारती काशी महानगर की ओर से संगीत कार्यशाला का समापन रविवार को गोयनका मंदिर में हुआ। मुख्य अतिथि पं. राम शंकर मुख्य और विशिष्ट अतिथि समाजसेविका माधुरी बरनवाल रहीं। मुख्य अतिथि ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय संगीत कला से जोड़ना है। महानगर अध्यक्ष डॉ. रामवीर शर्मा ने कहा कि यह कार्यशाला कला के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस मौके पर पं. राम शंकर, स्मिता सिंह आदि मौजूद रहीं। 

अति आनंद उमगि अनुरागा, चरण सरोज पखारन लागा...
अखिल भारतीय सनातन न्यास जैतपुरा की ओर से आयोजित संगीतमय मानस पाठ में पातालपुरी पीठाधीश्वर जगतगुरु बालक देवाचार्य ने रामकथा का वर्णन किया। उन्होंने राजा दशरथ के आनंद, राम के राजतिलक की योजना और महारानी कैकयी के वरदानों का प्रसंग सुनाया। जगद्गुरु बालक देवाचार्य ने बताया कि कैकयी ने भरत के लिए अयोध्या का राज और राम के लिए 14 वर्ष का वनवास मांगा। 

राजा दशरथ ने कैकयी को बहुत समझाया पर वह नहीं मानीं। राम ने पिता की आज्ञा स्वीकार की। सीता और लक्ष्मण के साथ वन चल दिए। वन में उन्होंने मुनि भारद्वाज के आश्रम में शीश नवाया। वन के राजा गुह से मिले और तमसा नदी के किनारे पहुंचे। वहां राम ने केवट से नदी पार कराने का अनुरोध किया। केवट ने पहले राम के चरण धोने की शर्त रखी। मानस वक्ता वेद प्रकाश मिश्र कलाधर ने कहा कि राम, सीता और लक्ष्मण मार्ग में मिलने वाले सभी लोगों को उचित सम्मान देते रहे। 

इनमें नर-नारी, कोल, भील और मुनि शामिल थे। यह प्रसंग हमें सभी के प्रति सम्मान का महत्वपूर्ण संदेश देता है। कार्यक्रम के अंत में व्यास पीठ की आरती उतारी गई। इस अवसर पर रविशंकर सिंह, कुसुमलता सिंह, अजय जायसवाल और जयशंकर गुप्ता ने आरती में भाग लिया। बिंदुलाल गुप्ता, दिव्यांश गुप्ता, रवि प्रकाश, विनीत कुमार, कैलाश नाथ, रवि नंदन भी आरती करने वालों में शामिल रहे। 

हर व्यक्ति को निभानी होगी पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी : त्रिपुरारी शंकर 
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में ग्रीन इको मूवमेंट सोसाइटी ने रविवार को रथयात्रा स्थित वरिष्ठ अधिवक्ता त्रिपुरारी शंकर के आवास पर पर्यावरण संरक्षण चेतना विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया। अध्यक्षता करते हुए त्रिपुरारी शंकर ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण मानवता के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती है और इसके लिए सभी को आगे आना होगा। 

मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. राजेश्वर आचार्य ने कहा कि वानस्पतिक चेतना से मानव जीवन का गहरा संबंध है और धरती के साथ-साथ जीवन में भी हरितिमा बनाए रखने की आवश्यकता है। डॉ. शिवानी शुक्ला ने गंगा भजन नीर हरत सब पीर... और कजरी घेरि आई कारी बदरिया... की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। वहीं, प्रो. कृष्णकांत शुक्ला ने संत कबीर की रचना कौन ठगवा नगरिया लूटल हौ... और मानस की चौपाइयों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 

तबले पर अंकित कुमार सिंह और संवादिनी पर हर्षित उपाध्याय ने संगत की। संस्था की कार्यकारी अध्यक्षा डॉ. गीता सिंह ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया, जबकि सचिव डॉ. रमेश भाटिया ने संस्था की वार्षिक गतिविधियों का विवरण रखा। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन संदीप गुप्ता ने किया। इस अवसर पर डॉ. संतोष सांवरिया, सरोज भाटिया, गणेश दत्त त्रिपाठी, डॉ. अंबर भाटिया, राजेश भाटिया आदि मौजूद रहे। 

त्रिदेव मंदिर में 132 ब्राह्मण युगलों का सम्मान, कराया गया भोज
त्रिदेव मंदिर दुर्गाकुंड में पुरुषोत्तम मास के पावन पर्व पर 132 ब्राह्मण युगलों को सम्मानित किया गया। त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार की ओर से रविवार को इन युगलों को विधिवत भोज कराया गया।कार्यक्रम की शुरुआत तीनों विग्रहों रानी सती, सालासर हनुमान जी और खाटू श्याम जी की स्वदेशी फूलों से अलौकिक झांकी सजाकर हुई। इसके बाद अनेक प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। 

आचार्य अखिलेश त्रिवेदी और अरविंद शर्मा के नेतृत्व में वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया। 132 ब्राह्मण युगलों को आसन पर बैठाकर सेवा सत्कार के बाद भोजन कराया गया।  इसके बाद त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार के अध्यक्ष भरत सराफ, मंत्री राधे गोविंद केजरीवाल और अनूप सराफ सहित सदस्यों ने ब्राह्मण युगलों को टीका लगाया। उन्हें दक्षिणा, धोती-कुर्ता, दुपट्टा और बैग के साथ साड़ी, ब्लाउज और बैग भेंट किए गए। 

भीषण गर्मी को देखते हुए सभी को छाता देकर सम्मानपूर्वक विदा किया गया। संस्था के अध्यक्ष भरत सराफ और मंत्री राधे गोविंद केजरीवाल ने बताया कि पावन पुरुषोत्तम मास में ब्राह्मणों की सेवा करनी चाहिए। संस्था के प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान ने बताया कि पिछले दो रविवार से ये आयोजन किया जा रहा है। इनमें कुल 66 ब्राह्मण जोड़ों का सम्मान किया गया था। 

सनातन संस्कृति की जड़ें गहरी, शास्त्रों में जीवन जीने का सार 
इस्कॉन मंदिर में आयोजित सात दिवसीय गीता संस्कार समर कैंप का रविवार को दुर्गाकुंड स्थित मंदिर में समापन हो गया। मंदिर प्रबंधन के अध्यक्ष अच्युत मोहन दास ने कहा कि सनातन संस्कृति की जड़ें गहरी हैं। उन्होंने बताया कि शास्त्रों में जीवन जीने का सार निहित है। कैंप में भावी पीढ़ी को चरित्र निर्माण के लिए इन मूल्यों से प्रेरित किया गया। कुशल प्रशिक्षकों ने शिविर में विभिन्न प्रकार की शिक्षाएं दीं। 

प्रशिक्षिकाओं मिली डिडवानिया, करुणा कुमारी, सोनिका रावत और रामप्यारे दास ने समापन पर अभिभावक सत्र आयोजित किया। इसमें बच्चों की बेहतर जीवन शैली के लिए सुझाव दिए गए। सात दिवसीय कैंप में बच्चों को खेलकूद, संगीत कीर्तन और गोपालन सिखाया गया। उन्हें योग, वैदिक श्लोक और सेवा पर आधारित नाटिका का ज्ञान भी दिया गया। 

गीता के व्यावहारिक ज्ञान, तुलसी आरती और भगवान के लिए फूलों की माला बनाना भी सिखाया गया। सेठ जयपुरिया स्कूल के प्रधानाचार्य की उपस्थिति में बच्चों ने सीखी हुई कला का प्रदर्शन किया। उन्हें पुरस्कृत किया गया। साक्षी मुरारी दास, रसिक गोविंद दास, राम केशव दास और मुरारी गुप्त दास मौजूद रहे। 

मंदिर में फूल बंगला का हुआ शृंगार
मैदागिन स्थित श्रीसत्यनारायण मंदिर, बिस्सू बाबूजी ट्रस्ट में रविवार को भव्य फूल बंगला शृंगार किया गया। मंदिर में श्रीलक्ष्मीनारायण, श्रीराम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान, राधा-कृष्ण और राधा रमण जी के विग्रहों का शृंगार हुआ।कोलकाता से मंगाए गए रजनीगंधा, बेला, गुलाब और कमल पुष्प से देव विग्रहों की झांकी सजाई गई। चांदी के हाथी, गौ और बछड़े आदि के स्वरूप भी आकर्षक ढंग से सजाए गए थे। श्रीधाम वृंदावन से कथा मर्मज्ञ आलोक कृष्ण गोस्वामी ने कहा कि पुरुषोत्तम मास भगवान का सबसे प्रिय मास है। पुजारी ललित महाराज ने देव विग्रहों की आरती उतारी। इस दौरान अध्यक्ष राजेंद्र मोहन साह, सचिव प्रद्युम्न कुमार साह, अशोक गुप्ता, शरद कुमार साह, अभय अग्रवाल मौजूद रहे। 

98% आबादी तक आकाशवाणी की पहुंच
आकाशवाणी 8 जून को 90वीं वर्षगांठ मना रहा है। 8 जून 1936 को भारतीय राज्य प्रसारण सेवा का नाम बदलकर ऑल इंडिया रेडियो किया गया था। वरिष्ठ उद्घोषक अभिनव अरुण ने कहा कि आकाशवाणी ने देश की कला, संस्कृति और साहित्य के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज आकाशवाणी की 98% आबादी तक पहुंच है। 23 भाषाओं में प्रसारण हो रहा है। 

महिलाओं के लिए ग्रीष्मकालीन शिविर
दीक्षा महिला कल्याण शोध संस्थान 12 जून को गरीब महिलाओं और बालिकाओं के लिए एक ग्रीष्मकालीन शिविर शुरू करेगा। शिविर में सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटीशियन और मेहंदी का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह पंचक्रोशी मार्ग स्थित मारुका माई मंदिर के सामने होगा। 

कबीर की साखियों-निर्गुण भजनों का दिया प्रशिक्षण
कबीर प्राकट्य स्थल लहरतारा  में दस दिवसीय कबीर वाणी गायन कार्यशाला में बच्चों और प्रशिक्षुओं को कबीर साहब की साखियों और निर्गुण भजनों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने मोको कहां ढूंढे बंदे... जैसे लोकप्रिय भजनों का गायन कर आध्यात्मिक वातावरण का सृजन किया। संचालन ताना-बाना ग्रुप के मुख्य गायक देवेंद्र दास देव ने किया। उन्होंने बच्चों को कबीर वाणी की गायन शैली, भावार्थ और निर्गुण भक्ति परंपरा से परिचित कराया। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया। 

मुख्य वक्ता के रूप में बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय, गढ़वा, झारखंड की शिक्षा विभाग की अधिष्ठाता सुनीता गुप्ता और पीठाधीश्वर महंत गोविंद दास शास्त्री उपस्थित रहे। उन्होंने कबीर साहेब के निर्गुण राम उपासना दर्शन पर प्रकाश डाला। महंत गोविंद दास शास्त्री ने कहा कि कबीर की वाणी मानवता, प्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश देती है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है।

Varanasi News Today Investigation into mobile numbers regarding about 2 crore theft laborer dies electrocution
धूप से बचाव के लिए छाता और दुपट्टे का सहारा लेती युवतियां। - फोटो : अमर उजाला

तीखी धूप ने तपाया, दो दिन गर्मी, फिर बूंदाबांदी के आसार
पिछले सप्ताह नम हवाओं के चलने और बारिश के बाद रविवार से एक बार फिर मौसम बदल गया। दिन में तीखी धूप होने के साथ ही गर्म हवाएं भी चलीं। इस कारण लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल सकी। अगले दो दिन तक मौसम के ऐसे ही बने रहने और इसके बाद नम हवाओं संग बूंदाबांदी के आसार हैं। 

ऐसे में माना जा रहा है कि दो दिन बाद से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। जून महीने के शुरू होने के बाद मौसम ने ऐसी करवट ली कि लोगों ने गर्मी से थोड़ी राहत महसूस की। इधर पिछले दो दिन से जिस तरह से धूप हो रही है लोग गर्मी से बेचैन हो गए हैं। रविवार को भी कुछ इसी तरह का मौसम रहा। शाम को भी हवा नहीं चली कि लोग राहत महसूस करें। इस बीच तापमान में भी उतार-चढ़ाव का क्रम बना है। 

रविवार को अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि 10 जून तक गर्मी इसी तरह की रहेगी। इसके बाद हवा के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं। 

आज से दो दिन चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे प्रशासन की ओर से पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। इससे गोरखपुर और बलिया से वाराणसी सिटी और बनारस रेलवे स्टेशन पर आने वालों को बड़ी सहूलियत होगी। जिले में 8 से 10 जून तक चलने वाली परीक्षा के लिए 1,32,192 अभ्यर्थियों ने फाॅर्म भरा है। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि ट्रेन नंबर 05112 बनारस-बलिया परीक्षा विशेष ट्रेन बनारस से रात 10.45 बजे चलकर बलिया रात 1.45 बजे पहुंचेगी। 

1533 पर करें निगम से जुड़ी शिकायत
नगर निगम से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत टोल फ्री नंबर 1533 पर दर्ज करा सकते हैं। नगर निकायों से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए अब नागरिकों को भटकना नहीं पड़ेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मातहतों को निर्देश दिया है कि कंट्रोल रूम पर आने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि इस सुविधा का लाभ उठाएं। 

शहर के वार्डों में खोजी जाएगी सरकारी जमीन
शहर के सभी 100 वार्डों में नगर निगम की ओर से नए सिरे से सर्वे होगा। इस दौरान यहां सरकारी जमीनों की तलाश कर सूची तैयार की जाएगी। इसकी जानकारी क्षेत्रीय पार्षदों को भी दी जाएगी। इन जमीनों को कब्जे में लेने का निर्णय सदन में हो चुका है। इन जमीनों पर बरात घर, कम्युनिटी सेंटर, व्यावसायिक प्रतिष्ठान आदि का निर्माण होगा। नगर निगम ने पिछले दिनों शहरी सीमा में शामिल किए गए 86 गांवों का सर्वे कराया था। इस सर्वे के दौरान लगभग 79 गांव ऐसे मिले हैं, जहां पर 900 बीघा सरकारी जमीनों पर कब्जा था। 

Varanasi News Today Investigation into mobile numbers regarding about 2 crore theft laborer dies electrocution
नमो घाट के पास जाम में फंसे लोग। - फोटो : अमर उजाला

नमो घाट पर बढ़ी भीड़, राजघाट से भदऊ मार्ग पर लगा लंबा जाम
राजघाट मालवीय पुल से भदऊचुंगी मार्ग पर रविवार शाम से रात 8.30 बजे तक वाहनों की रफ्तार थम गई। नमो घाट पर उमड़ी भीड़ और वाहनों के दबाव के कारण राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। नमो घाट मोड़ पर गाड़ियों की रफ्तार थमने के बाद राजघाट पुल से भदऊचुंगी तक गाड़ियों की लाइन लग गई।

आदमपुर पुलिस और यातायात पुलिस ने राजघाट, नमो घाट और भदऊचुंगी तिराहे पर जाम में फंसी गाड़ियों को आगे बढ़ाया। नमो घाट मोड़ से गाड़ियों को सीधे राजघाट की ओर मोड़ दिया गया। इसके बावजूद जाम समाप्त नहीं हो सका। रात 8:30 बजे तक कार, ई बस, मालवाहक वाहन, ई रिक्शा, ऑटो सहित बाइक सवार जाम में फंसे हुए थे।

नमो घाट के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि गर्मी की छुट्टी के कारण नमो घाट पर घूमने वालों की भीड़ बढ़ गई है। पड़ाव- भदऊचुंगी मार्ग पर बाहरी गाड़ियों का दबाव बढ़ने और नमो घाट की ओर घूमने के कारण गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो जाती है, जिस कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन जा रही है। 

नमो घाट आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के वाहनों के प्रवेश और निकास मार्ग पर दबाव भी बढ़ जाता है। राजघाट निवासी राजेश गुप्ता ने बताया कि छुट्टी के दिन इस मार्ग से गुजरना मुश्किल हो जाता है। 

नाला सफाई में मिली लापरवाही, ठेकेदार पर 50 हजार जुर्माना
नाला सफाई कार्य का निरीक्षण रविवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने किया। ट्रॉमा सेंटर से सनबीम स्कूल तक चल रहे नाला सफाई कार्य की गुणवत्ता खराब मिलने पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। निर्देश दिए कि समय से गुणवत्ता पूर्ण तरीके से नाले की सफाई पूरी कराएं। इसके अलावा जगतगंज वार्ड के तहत मरी माई मंदिर पुलिया, रनिया महल और चौकाघाट तक के नाला सफाई कार्यों का भी निरीक्षण किया। 

इसके बाद नगर आयुक्त ने भगवानपुर, गोवर्धन, सुसुवाही और करौंदी क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान भगवानपुर वार्ड में सड़क पर अतिक्रमण पाया गया, जिसे तत्काल हटाने के लिए संबंधित जोनल अधिकारी को उन्होंने निर्देश दिए। मेयर व नगर आयुक्त का स्पष्ट कहना है कि बरसात में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए निरीक्षण का यह सिलसिला जारी रहेगा। 15 जून तक सफाई कराने का अंतिम लक्ष्य दिया गया है। 

पुलिस भर्ती के लिए परीक्षा आज से, दो पालियों में परीक्षा देंगे 44064 अभ्यर्थी
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा कांस्टेबल पदों के लिए 8, 9 और 10 जून को 50 केंद्रों पर कराई जाएगी। इसके लिए रविवार को तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को होने वाली दो पालियों की परीक्षा में 44064 अभ्यर्थी शामिल होंगे। 

केंद्र में प्रवेश के पहले तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे से अभ्यर्थियों को गुजरना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में सुबह 10 से 12 बजे तक और अपराह्न 3 से 5 बजे तक कराई जाएगी। इसमें प्रत्येक पाली में 22032 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को एक घंटे पहले पहुंचना होगा। 

उन्होंने बताया कि परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों को जो भी निर्देश दिए गए हैं उनका सख्ती से पालन कराया जाएगा। केंद्रों पर ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को फोटोयुक्त आईडी कार्ड जारी किया गया है। सोमवार को सुबह ही सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट पहुंच जाएंगे। 

डीएवी में पाैधे लगाकर  पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
डीएवी पीजी कॉलेज में शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने खेल मैदान में पौधा लगाया। इस दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए अधिक से अधिक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया। 

कॉलेज के खेल मैदान में विधायक के साथ ही कॉलेज प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव सहित अन्य लोगों ने आम, पीपल, नीम, पाकड़ और जामुन के पांच पौधे लगाए। कार्यक्रम में हरिबंश सिंह, डॉ. सिद्धार्थ सिंह, डॉ. आहुति सिंह, रविशंकर सिंह आदि मौजूद रहे। 

धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज में छात्रवृत्ति परीक्षा व कॅरिअर एक्सपो
धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज सुंदरपुर में रविवार को अभ्युदय नारी वंदन छात्रवृत्ति परीक्षा-2026 और कॅरिअर एक्सपो का आयोजन किया गया। इसमें 317 छात्राओं ने हिस्सा लिया। कॅरिअर परामर्श सत्र में छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों, रोजगार के अवसरों और कौशल विकास से जुड़ी जानकारियां दी गईं। 

संस्था की चेयरपर्सन अंजू जायसवाल ने बताया कि छात्रवृत्ति योजना के तहत परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली पांच छात्राओं को 21-21 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर सात छात्राओं को 11-11 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उच्च अंक प्राप्त करने वाली 50 छात्राओं को प्रवेश के समय पाठ्यक्रम शुल्क में 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी। 

प्राचार्या डॉ. नलिनी मिश्रा ने कहा कि यह योजना मेधा प्रोत्साहन और आर्थिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. प्रतिमा सिंह, डॉ. ममता पांडेय, डॉ. दीपिका यादव, डॉ. प्रियंका गुप्ता, डॉ. विवेक मिश्रा, दीपक तिवारी, प्रभु नारायण, दिव्यांश शुक्ला और डॉ. प्रवीण पांडेय सहित सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संचालन ज्योति सिंह ने किया।

एनसीसी बटालियन के कैडेट्स ने किया पौधरोपण
विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल बनपुरवा में पौधरोपण किया गया। इसमें 91 और 97 एनसीसी कैडेट्स ने भी हिस्सा लिया। विद्यालय के प्रबंधक बाबा प्रकाशाध्यानानंद ने पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। उन्होंने कहा, वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि समस्त जीव जगत के जीवन के आधार हैं। पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य अजय कुमार चौबे सहित शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

बीएचयू की आर्ट गैलरी की प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
बीएचयू के नगर छात्र निकाय स्थित आर्ट स्टूडियो में आयोजित पांच दिवसीय अनसीन प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। समापन समारोह में बेहतर कार्य करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

नगर छात्र निकाय की ओर से लगी प्रदर्शनी में विवि के विभिन्न संकायों एवं विभागों के विद्यार्थियों ने चित्रकला, फोटोग्राफी, डिजिटल आर्ट प्रस्तुत किया। नगर छात्र निकाय, उत्तर निकाय के वार्डन डॉ. आशीष कुमार गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किया। इसमें विज्ञान संकाय से अंशिका आनंद सिंह व अर्जुन यादव, कला संकाय से अनुष्का मोंडल, अनुष्का कुमार, प्रमोद कुमार व तमन्ना रॉय, महिला महाविद्यालय से अर्शिया भटनागर, आयुषी, आईएमएस से पायल रिषा को सम्मानित किया। मुख्य वार्डन प्रो. ललित मोहन अग्रवाल माैजूद रहे। 

खेल-खेल में सीखेंगे बच्चे, अखबार पढ़ेंगे विद्यालयों में अरुणोदय कैलेंडर से होगी पढ़ाई
जिले के सभी 1143 परिषदीय विद्यालयों में अब बच्चों को हर दिन कुछ नया सीखने का अवसर मिलेगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने पूरे वर्ष के लिए अरुणोदय कैलेंडर तैयार किया है। इसे जल्द ही सभी स्कूलों में लागू किया जाएगा।

इससे बच्चे जहां खेल-खेल में सीखेंगे वहीं अखबार भी पढ़ेेंगे। इससे पठन-पाठन काफी हद तक आसान होगा। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि नई शिक्षा नीति 2020 में नवाचार आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस कैलेंडर को तैयार किया गया है। इसके तहत हर दिन किसी न किसी विषय जैसे पर्यावरण, स्वास्थ्य, महापुरुषों की जयंती, नदियां, शब्द ज्ञान, कला, कहानी-कविता, देशभक्ति और स्वतंत्रता से जुड़े प्रसंग पर बच्चों को जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह गतिविधियां सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान आयोजित होंगी। संबंधित शिक्षक या प्रधानाध्यापक बच्चों को विषय की जानकारी देंगे और उससे जुड़ी गतिविधियां भी कराएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed